मिशन 2024 पर होगी सरकार की निगाहें, जानिए BJP के "संकल्प पत्र" पर कैसे फोकस करेंगे योगी
लखनऊ, 13 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में पहले विधानसभा चुनाव और फिर विधान परिषद के चुनाव में एकतरफा जीत हासिल करने वाली योगी सरकार अब अपना नया बजट पेश करने की तैयारियों में जुट गई है। सूत्रों की माने तो विभागों से प्रस्ताव मांगे गए हैं लेकिन उसमें भी ये साफतौर पर कहा गया है कि बीजेपी के संकल्प पत्र के हिसाब से ही प्रस्ताव तैयार करें ताकि उसके बजट में शामिल किया जा सके। माना जा रहा है कि सरकार इस बजट के लिए संकल्प पत्र में किए गए वादों को जनता तक ले जाने का प्रयास करेगी। माना जा रहा है कि मई के आखिरी हफ्ते या जून के पहले हफ्ते के बीच योगी सरकार अपना पहला बजट ला सकती है।

6.5 लाख करोड़ का हो सकता है बजट
योगी सरकार 2.0 का पहला बजट 6.5 लाख करोड़ का हो सकता है। हाल ही में सीएम योगी ने बजट को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में राजस्व वसूली में अहम भूमिका निभाने वाले सभी महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुख मौजूद रहे। बैठक में आला अधिकारियों को सभी मुख्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर नया बजट तैयार करने के निर्देश दिए गए। अपने दूसरे कार्यकाल के पहले बजट में योगी सरकार का पूरा जोर संकल्प पत्र के वादों को पूरा करने के साथ ही बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर होगा।

बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं पर रहेगा फोकस
बजट में महिलाओं, किसानों और युवाओं के सशक्तिकरण पर सबसे ज्यादा जोर दिया जाएगा। बजट में संकल्प पत्र में किए गए वादों पर विशेष जोर रहेगा। इसमें किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, उज्ज्वला योजना के तहत होली और दिवाली में 2 मुफ्त सिलेंडर, वरिष्ठ नागरिक महिलाओं को मुफ्त परिवहन यात्रा सुविधा, रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को अहमियत दी जा सकती है।

कई प्रमुख योजनाओं को मिल सकता है बजट
उत्तर प्रदेश में 6 मेगा फूड पार्कों की स्थापना, लाखों रुपये की मदद समेत कई योजनाओं को शामिल किया जा सकता है। योजनाओं को बजट में शामिल करने के लिए विभाग अपने प्रस्ताव बना रहे हैं, जिसे जल्द ही वित्त विभाग को भेजा जाएगा। इसके अलावा राज्य में एक्सप्रेस-वे, सिंचाई और उद्योग की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी बजट दिया जाएगा। सरकार से जुड़े सूत्रों की माने तो सभी विभागों से कहा गया है कि वो 20 अप्रैल तक अपना अपना बजट मुख्य सचिव के पास भेज दें जिससे उसको संकल्प पत्र के आधार पर तैयार कराया जा सके।

बीजेपी के संकल्प पत्र को जमीन पर उतारने की कोशिश
अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ लेने के एक दिन बाद, योगी आदित्यनाथ ने एक बैठक के दौरान कहा था कि अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के दृष्टिकोण को गति देने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भाजपा के लोक कल्याण संकल्प पत्र (घोषणापत्र) में निर्धारित सभी लक्ष्यों को पांच साल के भीतर हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।

संकल्प पत्र को ध्यान में रखकर तैयार होगा नया बजट
वित्त वर्ष 2022-23 का बजट 2022-23 के केंद्रीय बजट और लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। भाजपा सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश का नंबर 1 राज्य और अर्थव्यवस्था बनाना था। उन्होंने कहा कि टीम यूपी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलने के लिए दस प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications