Ryan School में मासूम की हत्या के बीच गाजियाबाद में स्कूल बस ने 6 साल की छात्रा को कुचला, मौत
गाजियाबाद। गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में सात साल के छात्र की हत्या के मामले में हंगामा अभी थमा भी नहीं था, इस बीच दिल्ली से सटे गाजियाबाद में स्कूल बस से कुचल कर एक बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ये बच्ची अपने घर पहुंचने पर स्कूल बस से उतर रही थी। बच्ची के उतरते समय ही ड्राइवर ने लापरवाही से बस चला दी जिससे बच्ची की कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों को गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बस में तोड़फोड़ की। आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पूरा मामला ग़ाज़ियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र महरौली NH 24 पर हुआ। जानकारी के मुताबिक सिल्वर साइन स्कूल की बस से एलकेजी की छात्रा सौम्या अपने घर पहुंची। अभी वो बस से उतर ही रही थी कि बस ड्राइवर ने लापरवाही से बस चला दिया। इससे बच्ची बस से गिर गई और इसी दौरान हादसे में उसकी मौत हो गई। एलकेजी की छात्रा सौम्या की मौत के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने गुस्से में बस में तोड़फोड़ की। साथ ही बस में आग लगाने की कोशिश भी की। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया। बाद में पुलिस ने राजवीर नाम के आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। ड्राइवर के मुताबिक यह घटना तब हुई जब वह बस की बैक कर रहा था।
बता दें कि कल शुक्रवार (8 सितंबर) गुरुग्राम के रायन इंटरनेशन स्कूल के टॉयलेट में दूसरी क्लास के छात्र प्रद्युम्न की लाश मिली थी। इस मामले में हरियाणा पुलिस ने बस कंडक्टर अशोक को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर बस ड्राइवर और कंडक्टर ले लंबी पूछताछ की थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि सात साल के इस बच्चे की गला रेतकर हत्या की गई और फिर शव को शौचालय में डाला गया था।
प्रद्युम्न की लाश को सबसे पहले स्कूल के माली ने देखी थी। परिजनों का आरोप है कि प्रदुमन की मौत सुबह 7 बजे ही हो गई थी जबकि स्कूल प्रशासन ने उन्हें 9 बजे के करीब इसके बारे में सूचना दी। बता दें कि बीते साल जनवरी में रायन इंटरनेशनल स्कूल की दिल्ली के वसंत कुंज स्थित शाखा में भी एक बच्चे की पानी की टंकी में लाश मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications