नोटबंदी: पूर्व डीएसपी ने तोड़ी बैंक की लाइन, गार्ड से भिड़े
पूर्व डीएसपी ने बैंक के गार्ड को धमकाते हुए कहा कि जानता नहीं कौन हूं मैं...पूर्व डीएसपी हूं...लाइन में क्यों लगूं...। इस दौरान पूर्व डीएसपी ने गार्ड को नौकरी से निकलवाने की भी धमकी दी।
नई दिल्ली। नोटबंदी के बीच गाजियाबाद के एक बैंक में उस समय हंगामा मच गया जब एक पूर्व डीएसपी बिना लाइन में लगे बैंक में घुसने लगे। इस दौरान वहां मौजूद गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जिससे वह नाराज हो गए और गार्ड पर भड़क गए।

जब गार्ड और पूर्व डीएसपी में हुई झड़प
नोटबंदी के बीच बैंक में लंबी लाइनें आम बात हो गई है। इस दौरान कई जगह पर झड़प की भी खबरें आई हैं। ताजा मामला गाजियाबाद के एसबीआई बैंक का है।
बताया जा रहा है कि 24 नवंबर को बैंक में काफी भीड़ थी। इसी दौरान एक पूर्व डीएसपी बैंक की शाखा में पहुंचे और बिना लाइन में लगे बैंक में प्रवेश करने लगे। बैंक में तैनात गार्ड ने उन्हें लाइन में लगने को कहा तो इस पर पूर्व डीएसपी भड़क गए।
पूर्व डीएसपी ने बैंक के गार्ड को धमकाते हुए कहा कि जानता नहीं कौन हूं मैं...पूर्व डीएसपी हूं...लाइन में क्यों लगूं...। इस दौरान पूर्व डीएसपी ने गार्ड को नौकरी से निकलवाने की भी धमकी दी।
दोनों ने पुलिस में दर्ज कराया मामला
पूरा घटनाक्रम कविनगर थाना क्षेत्र शास्त्री नगर में स्थित एसबीआई बैंक का है। गार्ड और पूर्व डीएसपी में झड़प का मामला थाने पहुंच गया है। पहले पूर्व डीएसपी ने बैंक के गार्ड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि पूर्व डीएसपी ने अपनी शिकायत में कहा है कि गार्ड ने उनके साथ बदसलूकी की है।
दूसरी ओर बैंक के गार्ड विजेंद्र कुमार, जो कि रिटायर्ड फौजी हैं, उन्होंने भी थाने में पूर्व डीएसपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications