बरेली: नवोदय अस्पताल के ICU में लगी आग, मरीजों को सड़क पर किया शिफ्ट
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवोदय अस्पताल में शुक्रवार की सुबह आग लग गई। आग लगने से अस्पताल में भगदड़ मच गई। लोग अपने मरीजों को लेकर इधर-उधर भागने लगे। अस्पातल में आग लगने की सूचना पर फायर बिग्रेड की कई गाड़िया मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, बरेली के मिनीबाई इलाके में स्थित नवोदय अस्पताल है। शुक्रवार की सुबह अस्पताल के ओटी के साथ आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में आग ने अस्पताल को चपेट में ले लिया। बता दें कि आग लगने की वजह से अस्पताल में धुंआ भर गया और मरीजों का दम घुटने लगा। जिस समय आईसीयू में हादसा हुआ उस समय अस्पताल स्टाफ सो रहा था।
तीमारदार ने धुआं देखा तो शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर तीमारदार अपने मरीजों को लेकर इधर-उधर भागने लगे। शोर सुनकर अस्पताल स्टाफ जागा आनन फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। हादसे के बाद अस्पताल के स्टाफ ने मरीजों की जान बचाने के लिए सड़क के किनारे शिफ्ट कर दिया। लोगों की मानें तो अस्पताल प्रशासन के पास आग बुझाने के कोई सन-साधन नहीं थे। जिसके चलते आग ने भयानक रूप ले लिया और पूरा अस्पताल धुए से भर गया।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने मोर्चा संभाला और दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। वहीं, अस्पताल के डॉक्टर उमेश ने बताया कि अस्पताल में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। जिसे बुझा दिया गया है साथ ही मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications