Farrukhabad कोचिंग सेंटर में जोरदार धमाका, 2 की मौत 7 घायल, मीथेन गैस और स्विच बोर्ड से कैसे हुआ विस्फोट?
Farrukhabad coaching Centre Blast: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में शनिवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर में हुए जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना कादरी गेट थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। धमाके में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि सात लोग घायल हुए हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। धमाका इतना तेज था कि कोचिंग सेंटर की दीवारें और खिड़कियां टूट गईं। आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कैसे हुआ विस्फोट?
फर्रुखाबाद की पुलिस अधीक्षक (SP) आरती सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमाके की वजह सेप्टिक टैंक में अधिक मात्रा में जमा हुई मीथेन गैस को माना जा रहा है। उन्होंने बताया -"हमें दोपहर करीब 3:19 बजे कादरी गेट थाना क्षेत्र में धमाके की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि यह एक कोचिंग इंस्टीट्यूट था और उसके बेसमेंट में एक सेप्टिक टैंक मौजूद था। उसी में अत्यधिक मात्रा में मीथेन गैस जमा हो गई थी। वहीं पर एक स्विच बोर्ड भी लगा हुआ था, जिससे चिंगारी निकलने पर यह बड़ा विस्फोट हो गया।"
SP ने बताया कि धमाके में सात लोग घायल हुए, जिनमें से दो ने दम तोड़ दिया है और बाकी पांच लोगों का इलाज जारी है। धमाके की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, NDRF टीम, और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है ताकि किसी तरह का दूसरा हादसा न हो सके।
धमाके के बाद दहशत का माहौल
एसपी आरती सिंह ने कहा -"धमाके की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। टीम को यह पता लगाने का निर्देश दिया गया है कि सेप्टिक टैंक में गैस कैसे और कितनी मात्रा में जमा हुई। यदि किसी की लापरवाही पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
धमाके के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। कई लोगों ने कहा कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका हिल गया। प्रशासन ने फिलहाल कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाके को सील कर दिया है और भवन की सुरक्षा जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications