नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी चकबंदी लेखपाल गिरफ्तार
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी चकबंदी लेखपाल को सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से फर्जी दस्तावेज और आई कार्ड भी मिला है। पकड़े गए आरोपी ने एक युवक को चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लिए थे। इसके बावजूद उसे नौकरी नहीं मिल पाई, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी ठग को गिरफ्तार कर लिया है।

शिवगंढ़ थाना क्षेत्र के शिवबक्श का पुरवा गांव का रहने वाला राजेन्द्र यादव खुद को चकबंदी विभाग का लेखपाल बता रहा था। उसने क्षेत्र के गुमावां निवासी अंकित पांडेय को चकबंदी विभाग में चपरासी पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लिए थे। धीरे-धीरे कई महीने बीत गए, लेकिन उसे नौकरी नहीं दिला पाया। किसी काम से आरोपी राजेन्द्र सोमवार को यहां शहर में कलेक्ट्रेट आया था। इसी बीच पीड़ित अंकित पांडेय वहां पर पहुंच गया। उसने आरोपी को दबोच लिया और सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलने पर सदर कोतवाल अशोक सिंह ने एसआई रेखा दुबे को मौके पर भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसआई ने पहुंचकर खुद को चकबंदी विभाग का लेखपाल बताने वाले आरोपी राजेंद्र को पकड़ लिया। आरोपी के पास से फर्जी दस्तावेज, कार्ड, मुहर समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक और युवक से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की है। कोतवाल ने बताया कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी चकबंदी लेखपाल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications