खुद को बताता था कर्नल और तलाशी हुई तो पास मिला चोरी किया हुआ लेडीज पर्स
युवक से जब जीआरपी ने पूछताछ की तो उसने अपने को आर्मी का कर्नल बताते हुए अपना रौब दिखाया। पुलिस को युवक पर शक हुआ तो उन्होंने युवक की तलाशी ली और उसके पास से लेडीज पर्स समेत कई सामान बरामद हुए।
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने एक फर्जी कर्नल को गिरफ्तार कर लिया। युवक ने पूछताछ में बताया कि वो एमबीए पास है और किराया बचाने के लिए वो अपने को आर्मी का कर्नल बताता था। आरोपी युवक को पुलिस ने मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस महानिदेशक (रेलवे उप्र) लखनऊ के आदेशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक (रेलवे मुरादाबाद) सुभाषचंद दुबे के निर्देशन में जीआरपी थाना प्रभारी अशोक सिसोदिया ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 से चैकिंग के दौरान योगेन्द्र त्यागी उर्फ योगी को गिरफ्तार किया है। युवक से जब जीआरपी ने पूछताछ की तो उसने अपने को आर्मी का कर्नल बताते हुए अपना रौब दिखाया।

पुलिस को युवक पर शक हुआ तो उन्होंने युवक की तलाशी ली। जिसमें आरोपी युवक के पास से तीन मोबाइल फोन, एक चोरी का लेडीज पर्स और 1500 रुपए नगद और फर्जी चोरी की चार एफआईआर मेरठ, हरिद्वार, निजामुद्दीन, फरीदाबाद और चंढीगढ़ आर्मी अधिकारी बनकर लिखवाई गई थी। जो नाम पता बदलकर अलग-अलग प्रान्तों के थाना जीआरपी पर दर्ज कराई गई थी। बताया कि पूछताछ में युवक ने अपने को एमबीए पास बताया है जो किराया बचाने के लिए सैन्य अधिकारी बनकर एसी कोच में सफर करता था। पुलिस ने बताया कि युवक के पास से एक सीआरपीएफ का आई कार्ड भी बरामद हुआ है। जीआरपी ने गंभीर धाराओं में चालान कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

जीआरपी थाना प्रभारी अशोक सिसौदिया ने बताया कि आरोपी योगेंद्र त्यागी फर्जी आर्मी अफसर बनकर एसी कोचों में सफर किया करता था और चोरी की वारदात को अंजाम देता था। बताया कि आरोपी युवक ने 6 राज्यों में थाना जीआरपी में फर्जी सामान गुम होने की रिपोर्ट दर्ज करा रखी है। इसी आधार पर वो पुलिस को अपने विश्वास में लेकर एसी कोच में सफर किया करता था।












Click it and Unblock the Notifications