मुलायम सिंह यादव के घर पर पहुंची बिजली विभाग की टीम, जानिए क्या है वजह?
बिजली विभाग की टीम को पता चला कि समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के आवास में करीब 4 लाख रुपये से ज्यादा का बिजली का बिल बकाया है।
इटावा (यूपी)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के इटावा स्थित घर पर बिजली विभाग की टीम पहुंची। टीम को सूचना मिली थी मुलायम सिंह यादव के आवास पर लगा बिजली की मीटर फुंक गया है। जिसकी पड़ताल के लिए बिजली विभाग की टीम उनके घर पहुंची। वहां जांच के दौरान बिजली विभाग की टीम को चौंकाने वाली जानकारी मिली है।

बिजली के मीटर में अनियमितता का हुआ खुलासा
समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के इटावा स्थित सिविल लाइन्स में मौजूद घर पर बिजली विभाग की टीम जैसे ही बिजली के फुंके हुए मीटर को बदलने के लिए पहुंची तो पता चला कि वहां पांच किलोवाट के कनेक्शन की मंजूरी थी लेकिन 40 किलोवॉट का कनेक्शन इस्तेमाल किया जा रहा था। बिजली विभाग टीम ने तुरंत ही बिजली का मीटर बदलते हुए 40 किलोवॉट का कनेक्शन लगाया।
बिजली विभाग की टीम को इस दौरान पता चला कि समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के आवास में करीब 4 लाख रुपये से ज्यादा का बिजली का बिल बकाया है। बिजली विभाग की टीम मुलायम सिंह यादव के आवास पर अचानक पहुंची। बता दें कि उत्तर प्रदेश में जब से योगी आदित्यनाथ की सरकार आई है सभी विभाग बेहद सक्रियता से मामलों के निपटारे में जुटे हुए हैं। बिजली विभाग की टीम की इस कार्रवाई को उसी से जोड़ कर देखा जा रहा है। सभी विभागों पर दबाव है कि वो पुराने मामलों का जल्दी से जल्दी निपटारा करें।












Click it and Unblock the Notifications