प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिग्विजय सिंह ने किया आपत्तिजनक ट्वीट, मचा हंगामा
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को दिग्विजय पर कार्रवाई करते हुए उन्हें फौरन पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए।
नई दिल्ली। यूपी की सियासत में इन दिनों गधे के चर्चे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच गधों को लेकर जमकर सियासी तीर चल रहे हैं। अब इस लड़ाई में मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी कूद गए हैं। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा तो भाजपा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस से अपने नेता पर कार्रवाई करने की मांग की।


ये है दिग्विजय सिंह का ट्वीट
दरअसल दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, 'मोदी जी- "मैं देश के लिये गधे के माफ़िक़ काम कर रहा हूं।" जी हां आपने मोदी जी ठीक फर्माया आप बिल्कुल गधे के माफ़िक़ काम कर रहे हैं !' दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को दिग्विजय पर कार्रवाई करते हुए उन्हें फौरन पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए। प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना निंदनीय है। ये भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ के संगठन ने यूपी में शिवसेना से मिलाया हाथ

भाजपा ने कहा, दिग्विजय को बाहर करे कांग्रेस
भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'हम दिग्विजय सिंह की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के पास इस तरह के नेता हैं।' उन्होंने कहा कि जो पार्टी महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू जैसे नेताओं पर गर्व महसूस करती है, उस पार्टी में दिग्विजय सिंह जैसे भी नेता हैं जो प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी माफी मांगनी चाहिए।

अखिलेश ने किया था गुजरात के गधों का जिक्र
आपको बता दें कि बीते दिनों एक चुनाव रैली में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुजरात सरकार के एक विज्ञापन पर तंज कसते हुए कहा था, 'एक गधे का विज्ञापन आता है, मैं इस सदी के सबसे बड़े महानायक से कहूंगा कि अब आप गुजरात के गधों का प्रचार मत करिए।' दरअसल अभिताभ बच्चन ने गुजरात के वन्य गधा अभयारण्य के लिए एक विज्ञापन में काम किया है। इस विज्ञापन में वे अभयारण्य और गधों के बारे में बताते हैं और लोगों से वहां घूमने के लिए आने की अपील करते हैं।

'गधा मालिक के लिए वफादार होता है'
अखिलेश यादव के इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलटवार करते हुए कहा, 'मोदी पर हमला करो समझ सकता हूं, भाजपा पर हमला करो समझ सकता हूं, लेकिन गधे पर हमला, वो तो सैकड़ों किलोमीटर दूर है, आप घबराते क्यों है। मैं हैरान हूं कि आपकी जातिवादी मानसिकता, उंच नीच का भाव देखने वाली मानसिकता, गधा आपको इतना बुरा लगने लगा। आपकी सरकार तो इतनी सक्षम है कि किसी की भैंस खो जाए तो पूरी सरकार खोजने में लग जाती है। आपको पता नहीं है कि गधा भी हमें प्रेरणा देता है, गधा मालिक के लिए वफादार होता है, कम से कम खर्चे वाला होता है। गधा कितना भी बीमार हो, कितना ही खाली पेट हो, कितना ही थका हो, लेकिन अगर मालिक उससे काम लेता है तो सहन करके उसे पूरा करने का काम करता है।' ये भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर की रैली में अखिलेश का मोदी पर पलटवार












Click it and Unblock the Notifications