'निरहुआ' ने हराया था चुनाव, अब PM Modi से भी बड़े अंतर से जीते SP के धर्मेंद्र यादव, देखें 13 सीटों का हाल
Dharmendra Yadav Azamgarh: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद सबकी निगाहें पूर्वांचल की लोकसभा सीटों पर टिकी हैं। पूर्वांचल की ज्यादातर लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव जीते थे।
लेकिन इन सबके बीच एक और बात की चर्चा हो रही है। वो ये कि धर्मेंद्र यादव ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्यादा अंतर से चुनाव जीता है। इससे जहां समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन के नेता काफी खुश हैं।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के लिए चिंता का विषय भी है। पूर्वांचल की 13 लोकसभा सीटों में से केवल तीन लोकसभा सीटों पर ही भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। इसमें मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल अपना दल सोनेलाल पार्टी से चुनाव लड़ीं थीं।
इतने मार्जिन से जीते धर्मेंद्र यादव
बात करें आजमगढ़ लोकसभा सीट की तो इस लोकसभा सीट पर धर्मेंद्र यादव को बीते उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के दिनेश लाल यादव ने चुनाव हरा दिया था। लेकिन इस बार धर्मेंद्र यादव ने दिनेश लाल निरहुआ को 161035 वोटों से चुनाव हरा दिया।
जबकि वाराणसी लोकसभा सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अजय राय के बीच सीधी टक्कर देखी गई। वाराणसी लोकसभा सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महज 152513 वोटों से चुनाव जीते। ऐसे में प्रधानमंत्री के जीत की मार्जिन धर्मेंद्र यादव से 8522 वोटों से कम है।
इसी तरह घोसी लोकसभा सीट से सपा के राजीव राय ने सुभासपा के अरविंद राजभर को 162943 वोटों से चुनाव हराया। राजीव राय नरेंद्र मोदी और धर्मेंद्र यादव की तुलना में पूर्वांचल की 13 लाेकसभा सीटों की लिस्ट में सर्वाधिक वोटों से चुनाव जीते हैं।
वहीं गाजीपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के अफजाल अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी के पारस राय को 124861 वोटों से हराया। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी और अपना दल सोनेलाल पार्टी की प्रत्याशी रिकी कॉल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली यहां सपा प्रत्याशी 129234 वाेटों से चुनाव जीते।
इसी तरह जौनपुर लोकसभा सीट पर सपा के बाबू सिंह कुशवाहा ने कृपा शंकर सिंह को 99335 वोटों से चुनाव हराया। मछली शहर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी की प्रिया सरोज ने भाजपा के भोलानाथ सरोज को 35850 वोटों से हराया।
भदोही लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विनोद कुमार बिंद ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी ललितेश त्रिपाठी को 44072 वोटों से चुनाव हराया। सलेमपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रमाशंकर राजभर ने भाजपा के रविंद्र कुशवाहा को 3573 वोटों से हराया।
मिर्जापुर लोकसभा सीट पर अनुप्रिया पटेल ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रमेश चंद्र बिंद को 37810 वोटों से हराया। बलिया लोकसभा सीट पर सपा के सनातन पांडे ने भाजपा के नीरज शेखर को 43384 वोटों से हराया।
लालगंज लोकसभा सीट पर सपा के दरोगा सरोज ने भाजपा के नीलम सोनकर को 115023 वोटों से हराया। चंदौली लोकसभा सीट पर सपा के वीरेंद्र सिंह ने भाजपा के डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे को 21565 वोटों से हराया।












Click it and Unblock the Notifications