UP News: लखीमपुर खीरी की बेटियों ने पेश की मिसाल, जर्जर सड़क को बनवाकर दी राहगीरों को राहत
UP News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बेटियों ने अपनी हिम्मत और सामूहिक प्रयासों से एक अनूठी मिसाल पेश की है। जिले के लीला कुआं से मोरन पुरवा तक की तीन किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क को बनवाकर उन्होंने साबित कर दिया कि बेटियां समाज में बदलाव लाने की ताकत रखती हैं।
सड़क की दुर्दशा ने बढ़ाई मुश्किलें
लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर स्थित यह सड़क मंडी समिति के अंतर्गत आती थी। वर्षों से जर्जर हालत में पहुंच चुकी इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और सड़क के किनारे उगी झाड़ियां इसे खतरनाक बना रही थी। अंधेरा होने पर यह रास्ता बेहद असुरक्षित हो जाता था। यही नहीं यह सड़क मोतीपुर स्थित जिला अस्पताल को भी जोड़ती है। लेकिन खराब हालत के कारण मरीजों और राहगीरों के लिए यह मुश्किल का सबब बनी हुई थी।

हेलो बिटिया मंच ने संभाली कमान
क्षेत्र में कार्यरत एम ट्रस्ट का हेलो बिटिया मंच नामक संगठन बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए काम करता है। मंच की एक बैठक में बेटियों ने सड़क की समस्या को प्राथमिकता देते हुए इसे हल करने का फैसला लिया। मोरन पुरवा की किशोरियों ने जिलाधिकारी को पत्र देने का निर्णय लिया। अगले दिन जिलाधिकारी कार्यालय में बेटियों ने पत्र सौंपा। जिसमें सड़क निर्माण, झाड़ियों की सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रशासन ने दिखाई तत्परता
बेटियों की इस पहल को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। डीएम कार्यालय के ओएसडी संतोष कुमार ने इस पत्र को प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों का समर्थन जुटाने और प्रशासन की मदद से दिसंबर के अंत तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो गया।
सड़क बनवाने के बाद मिली सुरक्षा और राहत
अब लीला कुआं से मोरन पुरवा तक का तीन किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह से सुरक्षित और सुगम हो गया है। यह सड़क न केवल राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए राहत बन गई है। बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए भी सुरक्षित हो गई है।
प्रेरणा की मिसाल बनी बेटियां
हेलो बिटिया मंच की बेटियों ने दिखा दिया कि बेटियां केवल घर तक सीमित नहीं हैं। बल्कि वे समाज में बड़ा बदलाव लाने की क्षमता रखती हैं। गांव के लोग अब बेटियों की इस पहल की तारीफ कर रहे हैं। यह कहानी बदलाव, जज्बे और सामूहिक प्रयास की मिसाल है।












Click it and Unblock the Notifications