यूपी की बेटी ने शादी के फेरों से ठीक पहले दहेजलोभियों को कहा गेट आउट
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद की एक दिलेर बेटी ने अपनी शादी में ठीक फेरों से पहले दहेज में एक विदेशी कार और पंद्रह लाख की डिमांड करने वाले इंटीरियर डिजाइनर दूल्हे और उसके परिवार को गेट आउट कह कर शादी के पंडाल से बाहर का रास्ता दिखा दिया। दूल्हे सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज मांगने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया है।

शादी की वेबसाइट से तय हुआ था रिश्ता
भारतीय समाज में दहेज लोभियों की भरमार है जो आये दिन दहेज की खातिर बेटियों को प्रताड़ित करते रहते हैं। ताजा मामला जनपद मुरादाबाद में सामने आया हैं जहां पर बैंक कर्मी की गोल्ड मेडलिस्ट बेटी भी दहेज के चलते शादी से वंचित रह गई लेकिन इस बेटी ने दहेज लोभियों को सबक सिखाने का मन बना लिया। चंडीगढ़ के एक सरकारी कॉलेज से एमटेक कर गोल्ड मेडल लेने वाली ज्योति की शादी जीवनसाथी डॉट कॉम के द्वारा बेंगलौर की कंपनी फ्यूचर ग्रुप में इंटीरियर डिजाइनर आशीष के साथ तय हुई।

फेरों से ठीक पहले मांगा दहेज
लड़की के पिता के अनुसार लड़का पक्ष ने शादी बिना दहेज के ही तय की थी। शुरुआत में सब सामान्य चलता रहा और शादी के लिए मुरादाबाद दिल्ली रोड स्थित पार्क स्क्वायर होटल बुक किया गया था और शादी के दिन भी सबकुछ सामान्य चल रहा था। बारात का स्वागत भी किया गया और बारातियों ने शादी का भरपूर आनंद भी लिया लेकिन फेरों से ठीक पहले लड़के पक्ष ने एक बंद कमरे में लड़की के पिता कमल सिंह को बुलाकर दहेज की मांग करते हुए एक बड़ी कार और पन्द्रह लाख रुपये कैश मांग कर अपना रंग दिखा दिया, जिसे सुन वे हड़बड़ा गए क्योंकि रात एक बजे और वो भी दहेज में इतनी बड़ी रकम सुन कमल सिंह सन्न रह गए और खुद को संभालते हुए दहेज के लिए साफ तौर पर मना कर दिया

दुल्हन ने दिखाया बाहर का रास्ता
होटल के कमरे से शोर-शराबे की आवाज को सुनकर दुल्हन के जोड़े में तैयार ज्योति भी मौके पर पहुँच गई और उसने भी दूल्हे आशीष को समझाया कि वो दोनों पढ़े-लिखे हैं और जो चाहे खरीद सकते हैं लेकिन उसके बाद भी दहेज लोभी परिवार अपनी मांग पर अड़ा रहा। आखिरकार दुल्हन बनी ज्योति ने दिलेरी दिखाते हुए आशीष और उसके परिवार को गेट आउट कह कर होटल से बाहर का रास्ता दिखा दिया और मुरादाबाद में एक मिसाल कायम कर दिया कि दहेज लोभियों के साथ क्या किया जाये।

दहेजलोभियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद की बेटी ज्योति ने एक ऐसे दहेजलोभी परिवार के मुंह पर तमाचा मारने का काम किया हैं। ज्योति ने अपने परिवार के सहयोग से आशीष और उसके पिता नरेश सहित तीन लोगों के खिलाफ थाना मझोला में मुकदमा दर्ज करा दिया हैं। देश की बेटियों को संदेश दिया है कि ऐसे दहेज मांगने वालों के सामने झुकने की जरूरत नहीं हैं। वो लड़किया हैं और हर तरह से सक्षम हैं। इस मामले में जानकारी देते हुए सी ओ रईस अख्तर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications