जानिए कौन हैं बृजलाल खाबरी, जिन्हें कांग्रेस पार्टी ने यूपी में दी बड़ी जिम्मेदारी
लखनऊ, अक्टूबर 01। राजस्थान में सियासी संकट का सामना कर रही कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में एक बड़ा ऐलान किया है। दरअसल, कांग्रेस हाईकमान ने यूपी में बृज लाल खाबरी को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। आपको बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव के बाद से ही प्रदेश में पार्टी का कोई अध्यक्ष नहीं था, क्योंकि चुनाव में हार के बाद अजय कुमार लल्लू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में अजय कुमार लल्लू की जगह प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अब बृज लाल खाबरी को दी गई है।

कौन हैं बृजलाल खाबरी?
आपको बता दें कि बृजलाल खाबरी पूर्व सांसद रह चुके हैं। वो पहले बीएसपी में थे। वो उत्तर प्रदेश की राजनीति का एक बड़ा दलित चेहरा हैं। बीएसपी में उन्होंने कांशीराम के साथ मिलकर संगठन के लिए काम किया है। ब्रजलाल खाबरी को कांग्रेस हाईकमान का काफी करीबी माना जाता है। ऐसे में कांग्रेस ने दलित चेहरे को अपना प्रदेश अध्यक्ष बनाकर यह साफ कर दिया है कि मिशन 2024 के लिए पार्टी कांग्रेस वोटबैंक को साधना चाहती है, क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए भी मल्लिकार्जुन खड़गे एक दलित चेहरा हैं और उनके जीतने के चांस सबसे अधिक हैं।

केसी वेणुगोपाल ने किया बृजलाल के नाम का ऐलान
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने शनिवार को इस संबंध में एक नोटिस जारी कर यूपी प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया गया। नोटिस में कहा गया है, "कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और प्रांतीय अध्यक्ष के रुप में नियुक्तियां की हैं।" पार्टी के ओर से जारी नोटिस में बृज लाल खाबरी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

6 प्रांतीय अध्यक्षों की भी हुई नियुक्ति
कांग्रेस हाईकमान ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा राज्य में छह प्रांतीय अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। इनमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अजय राय, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव (इटावा) और योगेश दीक्षित का नाम शामिल है। आपको बता दें कि इस नियुक्ति के साथ ही कांग्रेस ने यूपी में 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications