CM Yogi Mohan Bhagwat Meeting: लखनऊ में तय होगा मिशन 2027 का मास्टर प्लान, ये 3 बातें रहेंगी एजेंडे पर
CM Yogi Mohan Bhagwat Meeting: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन प्रदेश का सियासी पारा अभी से बढ़ गया है। आरएसए प्रमुख मोहन भागवत के उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। बुधवार (18 फरवरी) को भागवत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा हो सकती है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
संघ प्रमुख इन दिनों यूपी के प्रवास पर हैं। गोरखपुर के बाद वह लखनऊ पहुंचे हैं। यहां शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत विभिन्न बैठकों और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। लखनऊ के निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में भागवत ने हिंदू समाज से संगठित और सशक्त बनने पर जोर दिया।

CM Yogi Mohan Bhagwat Meeting: एजेंडे में रहेंगी 3 बातें
- सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संघ प्रमुख से बुधवार शाम करीब आठ बजे मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले दोनों की मुलाकात अयोध्या में राम मंदिर में धर्म ध्वजा समारोह के दौरान हुई थी। उस बैठक में क्या चर्चा हुई थी, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी।
- सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि इस बैठक में प्रदेश में बीजेपी संगठन को मजबूत करने और विधानसभा चुनाव के लिए किन मुद्दों को आधार बनाकर मैदान में उतरा जाए, इस पर चर्चा हो सकती है।
- दोनों दिग्गजों के बीच इस पर भी चर्चा हो सकती है कि संघ और बीजेपी के कार्यकर्ता अभी से जमीनी स्तर पर सामंजस्य बनाकर कैसे काम करें। महाराष्ट्र और बिहार चुनाव में संघ कार्यकर्ताओं के जमीन पर उतरने का फायदा बीजेपी को मिला है।
UP Chunav से पहले महत्वपूर्ण है यह मुलाकात
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के चुनाव से पहले भाजपा संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिहाज से यह मुलाकात महत्वपूर्ण है। संघ इन दिनों संगठन विस्तार और सामाजिक समरसता पर फोकस कर रहा है। अपने प्रवास के दौरान भागवत विभिन्न सामाजिक और बौद्धिक वर्गों से संवाद कर रहे हैं। 'घर वापसी' और घुसपैठ जैसे मुद्दों पर भी संघ प्रमुख ने स्पष्ट रुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर ऐसे मामलों में सजग रहना होगा।
यूपी के कई दौरे कर सकते हैं RSS प्रमुख
इस बीच यह भी संभावना जताई जा रही है कि संघ प्रमुख भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। लखनऊ में प्रस्तावित यह बैठक न केवल संगठनात्मक दृष्टि से बल्कि राजनीतिक संकेतों के लिहाज से भी बेहद अहम मानी जा रही है। आने वाले समय में यूपी की राजनीति पर इसके असर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि आने वाले महीनों में संघ प्रमुख उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में कई अहम दौरे कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications