बहराइच में सीएम योगी ने की जनसभा, सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला करते हुए किया ये सवाल
तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। बहराइच लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. आनंद गोंड के समर्थन में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महसी विधानसभा के रमपुरवा में जनसभा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। सीएम योगी ने कहा महाराजा सुहेलदेव की वीरभूमि, महर्षि बालार्क की तपोभूमि व चहलारी नरेश बलभद्र सिंह की पावन भूमि पर भाजपा के समर्थकों ने पंडाल की सीमा को तोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाया है।

सीएम योगी ने कहा आखिर महाराजा सुहेलदेव का स्मारक कांग्रेस ने क्यों नहीं बनाया, समाजवादी पार्टी ने क्यों नहीं बनाया, बहुजन समाज पार्टी ने क्यों नहीं बनाया। उन्हें भय था कि सालार मसूद गाजी के भक्तों का वोट बैंक ना खिसक जाए।
उन्होंने कहा बहराइच में भी महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनवाने का काम किया। कांग्रेस के कार्यकाल में सरयू नहर राष्ट्रीय योजना छह वर्ष तक ठंडे बस्ते में पड़ी रही। 45 साल तक काम पूरा नहीं हुआ। मोदी सरकार में यह योजना पूरी हुई। 14 लाख हेक्टेयर भूमि को नहरों से पानी मिल रहा है।
सीएम योगी ने जनता-जनार्दन का यह उत्साह, 'अबकी बार 400 पार' की गारंटी है। उन्होंने कहा जो सरकार आपकी भावनाओं का सम्मान करती हो, आपके हितों को संरक्षण देती हो, आपको विकास कार्यों के साथ जोड़ती हो,उस सरकार को बार-बार मौका मिलना ही चाहिए। सीएम योगी ने कहा विकसित भारत की संकल्पना मोदी सरकार में साकार हो रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में आतंकवाद, नक्सलवाद व भ्रष्टाचार फैला हुआ था।
गरीब भूखों मर रहा था, किसान आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर रहे थे। कांग्रेस के राज में दंगे और गुंडागर्दी होती थी। मंदिर व सीआरपीएफ कैंप व कचहरी में आतंकी हमला होता था। बीते 10 वर्ष के मोदी के कार्यकाल में दुनिया में भारत का सम्मान हुआ है। आतंकवाद व नक्सलवाद समाप्त हुआ है।
इसके साथ ही सीएम योगी ने देश में हुए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा यूपी की डबल इंजन सरकार ने हाईवे, रेलवे, एक्सप्रेसवे, एम्स, यूनिवर्सिटी व मेडिकल कॉलेज बनवाए।












Click it and Unblock the Notifications