'Rahul Gandhi और Akhilesh Yadav, पता नहीं पढ़े-लिखे हैं या नहीं', CM Yogi ने क्यों उठाए सवाल? 10 बड़ी बातें
CM Yogi Adityanath Visit Sant Kabir Nagar: उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लगातार सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। सत्ता-विपक्ष में बैठे दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में जुट गए हैं। इसी बीच, 11 अगस्त को संत कबीर नगर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹684 करोड़ से अधिक लागत की 201 जनकल्याणकारी परियोजनाओं की सौगात दी।
इस दौरान, सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। खलीलाबाद और मेहंदावल विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया। सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा तामेश्वरनाथ धाम का जिक्र करते हुए उन्होंने विकास, सुशासन और विरासत संरक्षण की बात कही। साथ ही रोडवेज बस स्टेशन, सड़क चौड़ीकरण और तामेश्वरनाथ कॉरिडोर जैसे कार्यों का जिक्र किया। आइए जानते हैं सीएम योगी की 10 बड़ी बातें क्या? क्यों उठाया राहुल-अखिलेश की पढ़ाई पर सवाल?

- 1. विपक्ष पर सीधा हमला: सीएम ने कहा कि राहुल जी और अखिलेश यादव जी, पता नहीं आप पढ़े-लिखे हैं या नहीं। आपके वक्तव्य कभी-कभी हास्यास्पद होते हैं और आपको कटघरे में खड़ा कर देते हैं। उन्होंने स्किलिंग, रोजगार और शिक्षा संस्थानों के आंकड़ों का हवाला देते हुए विपक्ष पर युवाओं के साथ अन्याय का आरोप लगाया।
- 2. ₹684 करोड़ की परियोजनाएं: खलीलाबाद और मेहंदावल क्षेत्रों में सड़कें, पेयजल, आईटीआई, अस्पताल समेत दर्जनों योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, बाल सेवा योजना, कृषि यंत्रीकरण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लाभार्थियों को चेक व सामग्री वितरित की गई।
- 3. बीमारू से उत्तम प्रदेश: सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य था। अब इंफ्रास्ट्रक्चर, सुशासन और भयमुक्त माहौल के कारण यह उत्तम प्रदेश बन रहा है। माफिया मुक्त, कर्फ्यू मुक्त यूपी में महिलाएं सुरक्षित हैं और व्यापार बिना भय के हो रहा है।
- 4. इंसेफेलाइटिस पर विजय: 'गोरखपुर-बस्ती-सिद्धार्थनगर क्षेत्र में जापानी इंसेफेलाइटिस बच्चों की जान लेता था। कांग्रेस और सपा कुछ नहीं कर पाईं। डबल इंजन सरकार ने इसे पूरी तरह समाप्त कर दिया। अब मस्तिष्क ज्वर से मौतें नहीं होतीं।'
- 5. आस्था का सम्मान: 'बाबा तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। प्रभावित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास दिया जाएगा। पहले पैसा कब्रिस्तान बाउंड्री पर खर्च होता था, अब संत कबीर अकादमी और शिवालयों के विकास पर। वैद्यनाथ धाम के लिए भी प्रस्ताव मांगा गया है।'
- 6. आवास और शौचालय: 'संत कबीर नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 95,000 परिवारों को घर मिले। तीन लाख से अधिक परिवारों में शौचालय बने। तीन लाख किसानों को प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि मिल रही है। वृद्ध, दिव्यांग और निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जा रही है।'
- 7. मेडिकल कॉलेज श्रृंखला: 'गोरखपुर एम्स सहित कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा समेत पूर्वांचल में मेडिकल कॉलेजों की लंबी श्रृंखला खड़ी हो गई। गरीब बच्चों को स्थानीय स्तर पर पढ़ाई का मौका मिला।'
- 8. रोजगार और स्किलिंग: 'गोरखपुर औद्योगिक क्षेत्र (गिडा) में 9 वर्षों में 5,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला। संत कबीर नगर के युवा भी लाभान्वित हुए। स्किल डेवलपमेंट सेंटर बन रहे हैं। देश में स्टार्टअप 500 से बढ़कर 2 लाख 23 हजार हो गए, यूनिकॉर्न 4 से 125।'
- 9. शिक्षा-स्वास्थ्य के आंकड़े: '2014 के पहले आईआईटी 16 थे, अब 23। आईआईएम 13 से 22। एम्स 7 से 23। मेडिकल कॉलेज 431 से 818। एमबीबीएस सीटें 51,348 से 1,28,926। रोजगार सृजन में भी भारी वृद्धि।'
- 10. विकास प्राधिकरण और रेलवे: 'लैंड बैंक तैयार होते ही संत कबीर नगर में विकास प्राधिकरण बनेगा। बहराइच से बांसी-खलीलाबाद रेल लाइन कनेक्टिविटी बढ़ाएगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज की दिशा में काम जारी है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति जब्त कर आजीवन कारावास की व्यवस्था।'


Click it and Unblock the Notifications
