बिजनौर हिंसा: मरने वालों के परिजनों को CM देंगे 20 लाख रुपये
लखनऊ। यूपी के बिजनौर में एक लड़की के साथ हुई कथित छेड़छाड़ के बाद दो समुदायों के बीच भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्रा और अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत सिंह चौधरी को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था के भी निर्देश दिए हैं।
स्कूल जा रही लड़की से छेड़छाड़ के बाद भड़की हिंसा
बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय में स्कूल जा रही एक लड़की से छेड़छाड़ की घटना के बाद तनाव फैल गया। दो समुदायों के बीच भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन के करीब लोग घायल हुए। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए मेरठ भेजा गया है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।












Click it and Unblock the Notifications