मथुरा में कार-पिकअप की टक्कर, सिपाही सहित परिवार के चार लोगों की मौत
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार की देर रात नेशनल हाईवे 2 पर भीषण हादसा हो गया। हादसे में आगरा के सिपाही समेत उसके परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं बेटी और दामाद गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुआ परिवार गोवर्धन से परिक्रमा देकर आगरा वापस लौट रहा था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, आगरा के बरहन निवासी पुलिस कॉन्स्टेबल राजेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ सोमवार को गोवर्धन की परिक्रमा करने गए थे। परिक्रमा कर आगरा से वापस लौटते समय उनकी ऑल्टो कार फरह के फातेहा कट पर सामने से आती पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनी गई।
इस हादसे में आगरा के बरहन निवासी कॉन्स्टेबल राजेंद्र सिंह, कार चला रहा राजेंद्र का बेटा नरेंद्र (38 साल), राजेंद्र की भांजी पूजा (22 साल) और राजेंद्र की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार राजेंद्र की बेटी रुबी और दामाद राघवेंद्र गंभीर घायल हो गए। हादसे में घायल रुबी को अस्पताल में इलाज के भर्ती कराया गया है। वहीं राघवेंद्र को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications