लखनऊ में आज BSP की महारैली! 'हाथी की चाल' से यूपी की राजनीति एक बार फिर बदलेगी करवट?
BSP Rally News Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजनीति क्या एक बार फिर करवट बदलेगी? क्या हाथी की चाल अन्य राजनीतिक दलों की टेंशन बढ़ाएगी? बसपा सुप्रीमो मायावती के नेतृत्व में गुरुवार यानि आज कांसीराम की जयंती के अवसर पर महारैली का आयोजन किया जाएगा।
जानकारों का कहना है कि इस महारैली के माध्यम से मायावती एक बार फिर यूपी की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तत्पर दिख रहीं हैं। इस महारैली के माध्यम से वो विरोधियों को यह बताना चाहती हैं कि बसपा यूपी की राजनीति में मजबूती से वापसी के मूड में है। हाथी की चाल धीमी जरूर हुई है पर जीतने का जज्बा कम नहीं हुआ है।

संगठन के लोगों को जीत का मंत्र
मायावती गुरुवार को लखनऊ के कांशीराम स्मारक पार्क से एक बार फिर पूरे प्रदेश की जनता को संदेश देने के मूड में दिख रहीं है। बसपा कार्यकर्ताओं में एक बार फिर जान फूंकने का काम करेंगी। आगामी विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव के मद्देनजर संगठन के लोगों को जीत का मंत्र भी देंगी। संगठन को मजबूत करने पर विशेष बल रहेगा। इस महारैली में उनके साथ जो लोग मजबूती से खड़े रहने वाले हैं उनमें उनके भाई आनंद, भतीजे आकाश आनंद, सतीश चंद्र मिश्रा , विधायक उमाशंकर सिंह, राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली और प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल शामिल हैं।
अन्य राजनीतिक दलों की टेंशन बढ़ाएगी?
पिछले चुनावों पर नजर डालें तो बसपा का बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। उसे कई बार हार का सामना करना पड़ा है। कार्यकर्ताओं में निराशा देखी जा चुकी है। पार्टी जमीनी स्तर पर कहीं भी अपना आधार नहीं बना पाई। देखना यह है कि इस महारैली से मायावती पार्टी को एक बार फिर कितना मजबूत कर पाती हैं। क्या वह खोया हुआ जनाधार पा सकेंगी? लेकिन एक बात तो तय है बसपा ने यूपी की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ा दी है।












Click it and Unblock the Notifications