मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी भी दोषी करार, चार साल कैद की सजा, एक लाख का जुर्माना
Afzal Ansari: बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी को भी गाजीपुर एमपी-एमएलए कोर्ट ने चार साल की सजा सुनाई है साथ में एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

Afzal Ansari Convicted: माफिया मुख्तार अंसारी के बाद अब उसके भाई और बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी को भी गैंगस्टर मामले में दोषी करार दिया गया है। उन्हें गाजीपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा 4 साल की सजा सुनाई गई और 1 लाख जुर्माना भी लगाया गया। बता दें कि थोड़ी देर पहले अफजाल अंसारी के भाई मुख्तार अंसारी को भी इसी मामले में दोषी करार देते हुए अदालत ने 10 साल कैद और 5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।
इस मामले में हुई सजा
करंडा थाना और मोहम्दाबाद थानों में दर्ज किडनैपिंग और हत्या से जुड़े गैंगस्टर मामले में आज गाजीपुर की MP-MLA कोर्ट ने अफजाल अंसारी (Afzal Ansari) और मुख्तार अंसारी दोनों को दोषी करार दिया। भाजपा के पूर्व विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड और व्यापारी नंदकिशोर रुंगटा के अपहरण के बाद मुख्तार अंसारी और अफजल अंसारी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इसके बाद आज सजा सुनाई गई है। जिसमें मुख्तार अंसारी को 10 साल तो अफजाल अंसारी को चार साल की जेल हो गई है।
अफजाल अंसारी की जाएगी संसद सदस्यता
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी को चार साल की सजा हुई है जिसके चलते उनकी संसद सदस्यता जानी तय है। क्योंकि दो साल या इससे ऊपर की सजा मिलने पर संसद की सदस्यता जानी तय होती है। हाल में राहुल गांधी की संसद सदस्यता भी गई है।
कृष्णानंद राय पर 500 राउंड फायरिंग हुई थी
साल 2005 में तत्कालीन भाजपा विधायक कृष्णानंद राय पर 500 राउंड की फायरिंग की गई थी। कृष्णानंद राय का पूरे शरीर गोलियों से छलनी हो गया था। इस हमले में एके-47 का इस्तेमाल हुआ था। इस घटना में मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) और उसके भाई का नाम आया था।
क्यों हुई थी कृष्णानंद राय की हत्या?
आखिर कृष्णानंद राय की हत्या हुई क्यों? दरअसल, साल 2002 में गाजीपुर की मोहम्मदाबाद सीट से कृष्णानंद राय ने मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी (Afzal Ansari) को हरा दिया था। इसके बाद दोनों भाइयों ने इसे अपनी नाक की लड़ाई बना ली। कहते हैं कि इसके बाद मुख्तार अंसारी ने अपनी जिंदगी का मकसद बना लिया कि कैसे भी करके कृष्णानंद राय को इस रास्ते से हटाना है।












Click it and Unblock the Notifications