Election Result 2023: चुनावी नतीजों को BSP चीफ मायावती ने बताया रहस्यमयी, 10 दिसंबर को बुलाई बड़ी बैठक
Assembly Election Result 2023: उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम और बहुजन समाज पार्टी की चीफ मायावती ने चार राज्यों के चुनावी नतीजों को लेकर दस दिसंबर को पार्टी के पदाधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई है। मायावती ने कहा है कि चुनावी नतीजे हालांकि रहस्यमयी हैं लेकिन कार्यकर्ताओं को इससे घबराने की जरुरत नहीं है। हम नए उत्साह के साथ 2024 की तैयारियों में जुटेंगे।

बसपा चीफ मायावती ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर यह बातें लिखी हैं। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म x पर एक के बाद एक चार पोस्ट किए हैं जिसमें चुनावी नतीजों को लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने की कोशिश की है।
मायावती ने कहा है कि देश के चार राज्यों में अभी हाल ही में हुए विधानसभा आमचुनाव के आए परिणाम एक पार्टी के पक्ष में एकतरफा होने से सभी लोगों का शंकित, अचंभित व चिन्तित होना स्वाभाविक, क्योंकि चुनाव के पूरे माहौल को देखते हुए ऐसा विचित्र परिणाम लोगों के गले के नीचे उतर पाना बहुत मुश्किल।
पूर्व सीएम ने कहा है कि पूरे चुनाव के दौरान माहौल एकदम अलग व काँटे के संघर्ष जैसा दिलचस्प, किन्तु चुनाव परिणाम उससे बिल्कुल अलग होकर पूरी तरह से एकतरफा हो जाना, यह ऐसा रहस्यात्मक मामला है जिसपर गंभीर चिन्तिन व उसका समाधान जरूरी। लोगों की नब्ज पहचानने में भयंकर 'भूल-चूक' चुनावी चर्चा का नया विषय।
बसपा चीफ ने कहा है कि बीएसपी के सभी लोगों ने पूरे तन, मन, धन व दमदारी के साथ यह चुनाव लड़ा, जिससे माहौल में नई जान आई, किन्तु उन्हें ऐसे अजूबे परिणाम से निराश कतई भी नहीं होना है बल्कि परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन संघर्षों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना है।
बसपा की मुखिया ने कहा कार्यकर्ताओं से कहा है कि इस चुनावी परिणाम के संदर्भ में जमीनी रिपोर्ट लेकर आगे लोकसभा चुनाव की नए सिरे से तैयारी पर विचार-विमर्श के लिए पार्टी की आल इण्डिया की बैठक आगामी 10 दिसम्बर को लखनऊ में आहुत। चुनाव परिणाम से विचलित हुए बिना अम्बेडकरवादी मूवमेन्ट आगे बढ़ने का हिम्मत कभी भी नहीं हारेगा।












Click it and Unblock the Notifications