रक्षाबंधन पर बहन को तोहफे में देने वाला था मकान, वही बन गया भाई का काल
बहन का मकान निर्माण वो बिना रुपए के कर रहा था। कोशिश थी कि रक्षाबंधन से पहले मकान का निर्माण कर भाई उसे तोहफा देगा।
भदोही। रक्षाबंधन से पहले ही एक बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भदोही के चौरी थाना क्षेत्र में सुरहन गांव की रहने वाली ये बहन अपने भाई की मौत पर दिन-रात रो रही है, जो भाई रक्षाबंधन के तोहफे की तैयारी कर रहा था और बहन के लिए मकान बना रहा था कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई।

सुरेंद्र कुमार सरोज (26) राजगीर का काम करता था। वो पिछले एक सप्ताह से समालकोट में अपनी बहन के घर आया था। बहन के यहां रहकर वो मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बहन का मकान निर्माण वो बिना रुपए के कर रहा था। कोशिश थी कि रक्षाबंधन से पहले मकान का निर्माण कर भाई उसे तोहफा देगा। मकान निर्माण के समय पास से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वो करंट से बुरी तरह झुलस गया। झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे घर ले जाया गया जहां से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लोग रक्षाबंधन के पावन त्योहार की तैयारियां कर रहे हैं। चारों तरफ खुशी का महौल है, वहीं एक बहन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसने अपने भाई को राखी के पहले ही खो दिया है। जो भाई उसके लिए घर बना रहा था। वो अब इस दुनिया में ही नहीं रहा।












Click it and Unblock the Notifications