डिप्टी सीएम केशव मौर्य के ब्रेन में हुआ घाव, दौरा पड़ने के बाद एम्स में ऑपरेशन
इलाहाबाद। 25 मई को दौरा पड़ने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से दिल्ली एम्स में भर्ती कराये गये यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य की हालत अब पहले से काफी बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहे हैं। डॉक्टरों ने केशव मौर्य की ब्रेन सर्जरी कर दी है, जो सफल रही है और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उपमुख्यमंत्री के परिजनों ने बताया कि केशव मौर्य पूरे होश में हैं और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के मस्तिष्क में घाव के चलते उनकी तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। मस्तिष्क पीड़ा बढ़ने के बाद उन्हें दौरा पड़ा और अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हे 25 मई को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराना पड़ा था। एम्स में एमआरआइ जांच के बाद मस्तिष्क में घाव होने की पुष्टि के बाद डॉक्टरों ने ब्रेन सर्जरी का निर्णय लिया और सोमवार को न्यूरो सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मौर्य की ब्रेन सर्जरी की, जो सफल रही है।
बता दें कि यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मूल रूप से कौशांबी के रहने वाले हैं और मौजूदा समय में वह इलाहाबाद में रहते हैं। केशव के भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष रहते हुये चुनाव में शानदार सफलता दिलाने के पुरस्कार स्वरूप उन्हें डिप्टी सीएम का पद दिया गया था। उस दरम्यान भी केशव मौर्य की तबीयत बिगड़ी थी और वह अस्पताल में भर्ती किये गये थे। लेकिन, अब लगभग एक साल बाद फिर से वह अस्वस्थ हो गये और उनकी ब्रेन सर्जरी करनी पड़ी है।

ट्वीटर पर लिखा संदेश
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने अस्वस्थ होने व अस्पताल में भर्ती होने पर ट्वीट कर अपने समर्थकों व जनता को संदेश भेजा। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि 'मुझे खेद है अस्वस्थ होने के कारण आप सभी से संपर्क तथा संवाद से दूर हूं। ईश्वर की कृपा, आप सब के आशीर्वाद तथा चिकित्सकों के सहयोग से मैं शीघ्र ही स्वस्थ होकर आपकी सेवा में उपस्थित रहूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications