नारी शक्ति के बीच पैठ बनाने के लिए भाजपा ने लखनऊ में शुरू किया ये बड़ा अभियान, जानिए इसके बारे में
लखनऊ, 22 अगस्त: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद अब बीजेपी ने 2024 के आम चुनाव को लेकर अपने अभियान को और तेज कर दिया है। पीएम मोदी ने हाल ही में नारी शक्ति का आह्वन किया था जिसके बाद यूपी की बीजेपी ने अब लखनऊ के सभी विधानसभा क्षेत्रों के स्लम क्षेत्रों में मुफ्त सैनिटरी पैड के वितरण का अभियान शुरू किया है। इस अभियान का एक मात्र मकसद 'नारी शक्ति' (महिला शक्ति) तक पार्टी की पहुंच बढ़ाना है। इस अभियान को लेकर हालांकि बीजेपी के पदाधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सोच में बदलाव लाने के लिए इस तरह का अभियान शुरू किया गया है।

राजनाथ सिंह के निर्देश पर शुरू किया गया अभियान
लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के निर्देश के बाद ये अभियान शुरू किया गया है। भाजपा की लखनऊ महानगर इकाई द्वारा आधिकारिक रूप से रविवार को ही इसे लॉन्च किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान लगभग 1,500 महिलाओं को सैनिटरी पैड दिए गए। भाजपा नेताओं के अनुसार, उज्ज्वला योजना जिसने देश भर में महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन प्रदान किया और भाजपा की लोकप्रियता में इजाफा किया था। अब महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड का मुफ्त वितरण एक और ऐसा कदम हो सकता है।
घर घर दौरा कर महिलाओं को दिए जाएंगे पैड
इस अभियान को लेकर बीजेपी के एक पदाधिकारी ने बताया कि लखनऊ में महिला मोर्चा की 21 सदस्यीय महिला टीम के साथ मोर्चा के 25 मंडल प्रमुख सीधे बात करेंगे। यह टीमें घर का दौरा करेंगी और उन महिलाओं के नाम और फोन नंबर नोट करेंगी जिन्हें सैनिटरी पैड की जरूरत है। टीम के सदस्यों ने हमें उन मामलों के बारे में बताया जहां महिलाओं ने अपनी बेटियों के नाम साझा करने से परहेज किया।
हर विधानसभा में तैयार होगी ऐसी महिलाओं की सूची
पदाधिकारियों की माने तो जिन महिलाओं की पैड की आवश्यकता होती है, उनकी सूची मोर्चा मुख्यालय में लाई जाती है और उसी के अनुसार आदेश तैयार किया जाता है। वितरण महीने में केवल एक बार किया जाएगा। प्रत्येक इलाके के लिए तारीख अलग-अलग रखी जाएगी। एक परिवार की प्रत्येक महिला को उत्पाद के दो पैकेट दिए जाएंगे जिसमें एक पैकेट में 10-10 पीस होंगे। अगर परिवार को और अधिक की जरूरत है तो इसका भी ख्याल रखा जाएगा।
महिलाओं की सोच बदलने के लिए चलाया जा रहा है यह अभियान
भाजपा के एक नेता ने कहा कि ऐसे समय में जब राजनीतिक दलों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए दी जाने वाली मुफ्त सुविधाओं के बारे में बहस चल रही है, यह अभियान महिलाओं के व्यवहार में बदलाव लाने और उनमें स्वच्छता अपनाने की आदत डालने के लिए है। दरअसल बीजेपी ने दिल्ली स्थित फाउंडेशन की मदद से गोमतीनगर के पत्रकारपुरम में सैनिटरी पैड बनाने की मशीन लगवाई है। वितरण से पहले हालांकि भाजपा की कुछ महिला कार्यकर्ताओं द्वारा सैनिटरी पैड की क्वालिटी का परीक्षण किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications