योगी की सरकार में ब्राह्मणों का उत्पीड़न चरम पर, अखिलेश को मिल रहे समर्थन से डर गई है बीजेपी: विनय शंकर तिवारी
लखनऊ, 13 दिसंबर: उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश में चुनाव की तैयारियां जोरों पर है इस बीच सभी दल अपने-अपने तरफ से तैयारी में जुट गए हैं। उत्तर प्रदेश की सियासत में रविवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला जब पूर्वांचल के भाव वाले नेता हरिशंकर तिवारी की बेटे और बसपा के विधायक विनय शंकर तिवारी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। सपा में शामिल होने के बाद विनय शंकर तिवारी ने वन इंडिया से खास बातचीत में कहा कि ब्राह्मणों का यूपी में उत्पीड़न हो रहा है और चारों तरफ जंगलराज कायम है। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को किस तरह का समर्थन मिल रहा है उससे बीजेपी डर गई है, इसीलिए मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे का सहारा ले रही है।

दरअसल विनय शंकर तिवारी के साथ उनके भाई शिव शंकर तिवारी और सकुशल तिवारी और गणेश शंकर पांडे ने भी सपा ज्वाइन कर ली। सपा की सदस्यता लेने के बाद विनय शंकर ने खुलकर अपनी बात रखी। प्रस्तुत है विनय शंकर तिवारी से बातचीत के अंश.....।
सवाल: बसपा से निस्कासित होने के बाद आपने सपा को क्यों चुना। इसकी कोई खास वजह?
जवाब: उत्तर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में काफी कम हुए हैं। अखिलेश जी ने अपने समय में विकास के एजेंडे को लेकर आगे बढ़ने का काम किया था। लखनऊ की मेट्रो से लेकर डीजीपी मुख्यालय तक सब अखिलेश यादव की विकासवादी सोच की देन थी। सपा की नीतियों और अखिलेश के काम से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी ज्वाइन करने का फैसला किया था।
सवाल: आप मुख्यमंत्री योगी के गृह जनपद से आते हैं। उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में सरकार जो विकास के दावे कर रही है, उसको किस तरह से देखते हैं?
जवाब: योगी सरकार उत्तर प्रदेश में सिर्फ विकास के खोखले दावे कर रही है। जिन योजनाओं का फीता आज योगी और मोदी की तरफ से कटा जा रहा है वो सब अखिलेश सरकार की ही देन हैं। जहां तक विकास के दावे का सवाल है तो ये सरकार लखनऊ में ही गिना दे कि क्या क्या विकास किया है। इन वादों की हकीकत जनता को पता है और इसका जवाब जनता देगी।

सवाल: आप पूर्वाचल में एक ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं। आप कह रहे हैं की उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है, इसको कैसे साबित करेंगे?
जवाब: देखिए इसमें साबित करने जैसा कुछ नही है। पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है की पिछले पांच सालों में कितने फर्जी एनकाउंटर हुए हैं। ब्राह्मणों की लगातार हत्याएं हुई हैं।ये किसी से छिपा नहीं है। ब्राह्मण होने की वजह से ही हमारे परिवार के खिलाफ भी काफी कुछ किया गया। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में केवल लोगों को तहस नहस करने का काम किया है।
सवाल: पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी की लाल टोपी पर प्रहार किया था और उसे खतरे की घंटी बताया था, इसको लेकर क्या कहेंगे?
जवाब: लाल टोपी का इतिहास शायद पीएम मोदी को पता नहीं है। ये लाल टोपी ही इंकलाब की प्रतीक है। देश में जब जब सत्ता ने लोगों पर अत्याचार किया है तब तब यह टोपी ही इंकलाब और क्रांति का प्रतीक बनकर सामने आई है और सत्ताधारी लोगो को सबक सिखाने का काम किया गया है। इसका प्रमाण आप लोहिया जी के आंदोलनों से ले सकते है।

सवाल: योगी सरकार के मंत्री अब काशी और अयोध्या के बाद मथुरा की बात कर रहे हैं, क्या यह चुनाव हिंदुत्व पर ही लड़ा जाएगा ?
जवाब: देखिए योगी सरकार के विकास की यही हकीकत है कि अब उसे काशी अयोध्या और मथुरा का सहारा लेना पड़ रहा है। दरअसल योगी सरकार के विकास के दावे खोखले हो चुके हैं। जिस तरह से पश्चिम से लेकर पूरब तक अखिलेश जी और समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बन रहा है उससे सरकार डर गई है। पूर्वांचल में ओम प्रकाश राजभर और पश्चिम में आरएलडी के चीफ जयंत के आने से बीजेपी की नींद उड़ी हुई है। अब बीजेपी के पैरों तले जमीन खिसकने वाली है। इसका अंदाजा इस योगी सरकार को भी हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications