बीजेपी विधायक अलका राय ने राजभर पर साधा निशाना, कहा- पहले भी मुख्तार का साथ दिया, आज भी दे रहे हैं
लखनऊ, 17 नवंबर: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं वहीं वर्तमान विधायक भी जनता के बीच पूरी शिद्दत से जुटे हुए हैं। गाजीपुर जिले की मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी की विधायक अलका राय ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी की वजह से पिछले पांच सालों में मोहम्मदाबाद विधानसभा में वह कार्य सम्पन्न कराए गए हैं जो पिछले 35 सालों में नहीं हुए थे। अलका राय ने सुभासपा के चीफ ओम प्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पहले भी मुख्तार के साथ थे और आज भी उनके साथ खड़े हैं। इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। जनता एक बार फिर अपराधमुक्त यूपी के लिए योगी को मुख्यमंत्री बनाएगी।

बीजेपी के दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी और मोहम्मदाबाद सीट से वर्तमान विधायक अलका राय ने वन इंडिया संवाददाता के साथ बातचीत के दौरान यह बाते कहीं। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी विधानसभा के साथ ही योगी सरकार की उपलब्धियों पर खुलकर बातचीत की। अलका राय ने यह भी कहा कि योगी सरकार में पिछले पांच सालों के दौरान जिस तरह से माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हुई उससे जनता के बीच अमन-चैन बना हुआ है। माफियाओं की अवैध सम्पत्तियों पर सरकार के बुल्डोजर चलने की वजह से एक सकारात्मक संदेश गया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। प्रस्तुत है विधायक अलका राय से बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल: पांच साल में जो काम आपने काम किया उससे कितना संतुष्ट हैं?
जवाब: बीजेपी सरकार बनने के बाद योगी सरकार ने काफी काम किया। इससे पहले पूर्वांचल और खासतौर से मोहम्मदाबाद की सड़कों का हाल काफी बुरा था। योगी सरकार बनने के बाद मोहम्मदाबाद विधानसभा में 35 साल से रुके काम को पूरा कराया गया।
सवाल: गाजीपुर पहले अपराधियों का गढ़ था, सरकार बनने के बाद जिस तरह से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, उसे किस तरह से देखती हैं ?
जवाब: जब से यूपी में 2017 में यूपी में योगी जी के नेतृत्व में सरकार बनी तब से पूरे पूर्वांचल में अमन-चैन बरकरार है। अपराधियों पर नकेल कसने का काम सरकार ने किया है। आज अपराधी या तो जेल में हैं या उपर चले गए हैं। ये योगी का ही संकल्प था कि जब सरकार बनेगी तो यूपी को अपराधियों से मुक्त किया जाएगा जिसको सरकार ने पूरा करने का काम किया है।

सवाल: आप एक महिला विधायक हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा टिकट चालीस फीसदी महिलाओं को देने का ऐलान किया है, आप इसको किस तरह से देखती हैं?
Recommended Video
जवाब: बीजेपी में महिलाओं को हमेशा ही सम्मान मिलता रहा है और आगे भी मिलेगा। आने वाले समय में पार्टी अपने स्तर से तय करेगी कि महिलाओं को किस आधार पर टिकट दिया जाएगा। यह पार्टी तय करेगी कि महिलाओं को कितना टिकट दिया जाना है।
सवाल: आपने पांच सालों में अपने विधानसभा क्षेत्र में बिजली-पानी-सड़क को लेकर क्या कदम उठाए हैं ?
जवाब: जब मैं 2017 में विधायक बनी थी तो हमारे विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या शेरपुर-सेमरा और बीरपुर के पास गंगा किनारे हो रहे कटान को लेकर था। लोग काफी प्रयास कर रहे थे लेकिन वो अपने प्रयास में सफल नहीं हो पा रहे थे। मैंने वादा किया था कि सरकार बनने के बाद इस कटान को रुकवाने के लिए पूरा प्रयास करूंगी। इस प्रयास के तहत ही योगी जी ने शेरपुर के कटान के लिए 40 करोड़ रुपए, बीरपुर में हो रहे कटान को रोकने के लिए 20 करोड़ रुपए दिया है। गौसपुर में भी 12 करोड़ रुपए से कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने गोडऊर में आईअी कॉलेज भी दिया है जो 12 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होगा।

सवाल: अखिलेश यादव-ओम प्रकाश राजभर के बीच गठबंधन हुआ है। अभी हाल ही में शिबगतुल्लाह अंसारी ने भी सपा ज्वाइन की है। इस गठबंधन का आपकी सीट पर कितना असर पड़ेगा ?
जवाब: इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। जिस तरह से पांच साल में जनता के बीच काम किया है उससे उम्मीद है कि जनता निराश नहीं है। मैं हमेशा जनता के बीच रही हूं और उनके दुख सुख में खड़ी रहती हूं। जहां तक बात ओम प्रकाश राजभर की है तो वो पहले भी मुख्तार के साथ रहे हैं। आज भी वह उनके साथ खड़े हैं। आज भी उनके सहयोगी के तोर पर उनके साथ खड़े हैं। इससे काई फर्क नहीं पड़ने नहीं वाला है। आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि जनता एक बार फिर भारी बहुमत से बीजेपी की सरकार बनवाएगी और योगी जी मुख्यमंत्री बनेंगे।
सवाल: आजादी के 70 सालों बाद पूर्वांचल में आखिरी छोर तक पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पहुंचा है। इससे आने वाले दिनों में क्षेत्र का किस हद तक विकास होगा ?
जवाब: जी यह सही है कि पहली बार विकास का पहिया पूर्वांचल का आखिरी छोर कहें तो मोहम्मदाबाद विधानसभा तक पहुंचने में कामयाब हुआ है। आने वाले दिनों में इसका लाभ किसानों को मिलेगा। मोहम्मदाबाद विधानसभा में किसान अब उन्नतशील खेती करने लगा है और एक्सप्रेस वे के बन जाने से उसे आसानी से अपने उत्पादों के लिए बाजार मिल जाएगा और अपनी सहूलियत से जहां चाहे वहां जाकर बेच सकते हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने बांदा जेल में की थी मुख्तार अंसारी से मुलाकात
दरअसल, बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी से मुलाकात के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया था। राजभर ने कहा कि मुख्तार से उनका रिश्ता पुराना है, वो जहां से चुनाव लड़ना चाहेंगे, अपने टिकट पर लड़ाएंगे। राजभर ने कहा था कि बीजेपी सरकार खुद कहती है कि मुकदमा दर्ज होना और अदालत से सजा का ऐलान होना दोनों अलग-अलग बातें हैं। कोर्ट जब तक सजा का ऐलान ना कर दे, तब तक किसी को अपराधी नहीं मान सकते। सरकार ने लखीमपुर की घटना, बलिया में हत्या, हाथरस रेप पर ऐसा ही बयान दिया है। मैं बीजेपी की सरकार मे मंत्री था, तब भी मैं कई बार मुख्तार अंसारी से मिला था।












Click it and Unblock the Notifications