अब बरेली में BLO की हार्ट अटैक से हुई मौत, SIR के काम के बोझ से था परेशान था, 2 बच्चे हुए अनाथ
चुनाव आयोग के आदेश के बाद 12 राज्यों में एसआईआर हो रहा है। जिसमें यूपी भी शामिल है। वहीं मंगलवार को बरेली में एक बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सर्वेश कुमार गंगवार की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई।
उनके परिवार ने काम के भारी दबाव को उनकी तबीयत बिगड़ने का कारण बताया है। कुछ महीने पहले ही उनकी पत्नी का भी निधन हो गया था, जिससे उनके दो छोटे बच्चों की परवरिश की चिंता परिजनों को सता रही है।
कर्मचारी नगर के निवासी सर्वेश, प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और उन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए बीएलओ का कार्य सौंपा गया था। बुधवार को भोजीपुरा ब्लॉक के परधौली गांव में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्कूल स्टाफ तुरंत उन्हें अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

SIR की सांकेतिक फाेटो
सीएमओ कार्यालय की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विनीता सिंह ने भी शिक्षक की मौत की पुष्टि की और पोस्टमार्टम हाउस पहुँचकर परिवार से जानकारी ली। सहकर्मियों ने सर्वेश को एक समर्पित और ईमानदार कर्मचारी बताया, जो अपना काम पूरी निष्ठा से करते थे।
सर्वेश के बड़े भाई योगेश गंगवार, जो स्वयं शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं, ने बताया कि पिछले कई दिनों से बीएलओ ड्यूटी के कारण सर्वेश मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ की जिम्मेदारी से उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया था, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई।
इस बीच, गोंडा में भी एक और दुखद घटना सामने आई है, जहाँ एक सहायक अध्यापक और बीएलओ विपिन यादव ने आत्महत्या कर ली। तरबगंज तहसील के प्राथमिक विद्यालय जैतपुर माझा में कार्यरत विपिन भी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) कार्य में बीएलओ के रूप में तैनात थे। उन्होंने मंगलवार को आत्महत्या का प्रयास किया, और बुधवार को लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications