पत्नी से मिलने के एक दिन पहले ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा, मौत
बहराइच। निमंत्रण पत्र देकर भाई के ससुराल से लौट रहे युवक को रास्ते में ग्रामीणों ने चोर समझकर लाठी डंडों से पीट दिया। शनिवार को उसका गौना(शादी के बाद जब पहली बार दुल्हन अपने ससुराल आती है)था। लेकिन शुक्रवार रात जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे मृतक के घर कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने जांच शुरू की है।

प्राप्त समाचार के अनुसार नवाबगंज थाना अंतर्गत शिवनगरा गांव निवासी अशोक (30) पुत्र पुरुषोत्तम की शादी तीन साल पहले श्रावस्ती जिले में मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ललई गांव में हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 23 सितंबर को गौना लेने जाना था। अशोक बीते मंगलवार को नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गंगापुर गांव स्थित छोटे भाई सुरेश की ससुराल निमंत्रण पत्र देने गया था। यहां से लौटने में अशोक को रात हो गई। अगले दिन उसे अन्य रिश्तेदारी में निमंत्रण कार्ड बांटना था। लेकिन रास्ते में डेलईगांव के पास ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर लाठी डंडो से पीट दिया।
सूचना पाकर पहुंची नानपारा कोतवाली पुलिस ने घायल अशोक को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। लेकिन शुक्रवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे उसके घर कोहराम मच गया है। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने बताया कि नानपारा कोतवाली प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications