अयोध्या में पुष्पक विमान से उतरेंगे 'सीता-राम', कई राष्ट्रों के लोग मनाएंगे उत्सव; जानें पूरा कार्यक्रम
अयोध्या। दिवाली में हफ्ताभर ही शेष है, ऐसे में भगवान श्रीराम के अयोध्या-उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। यहां दीपोत्सव पर इस बार कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा। विगत बरस की तरह इस बार भी श्री राम, सीता और लक्ष्मण उड़न खटोले से ही अपने धाम आएंगे। इसके लिए राम, सीता एवं लक्ष्मण बनने वाले आर्टिस्ट्स ने 5 नवंबर को लखनऊ में अपनी कला-प्रदर्शनी प्रस्तावित की है। राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशक ने भी उत्सव को खास बनाने के लिए कई इंतजाम किए हैं।

कई देशों के कलाकार होंगे शामिल
कार्यक्रम की देख-रेख में जुटे मुख्य सचिव डॉ अनूप कुमार पांडेय ने कहा है कि 6 नवंबर को 6 प्रमुख कार्यक्रम होंगे। 12 से 3 बजे तक शोभायात्रा निकलेगी। इस दौरान नए रानी हो पार्क का शिलान्यास होगा। इसके अलावा पुष्पक विमान (हैलीकॉप्टर) से भगवान राम व मां सीता अवतरित होंगे। उनका स्वागत राज्यपाल राम नाइक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और साउथ कोरिया की प्रथम महिला करेंगे। इस दौरान कोरिया की प्रथम महिला राम कथा पार्क में लोगों को संबोधित भी करेंगीं। पहली बार भारत के कलाकारों के साथ रूस, इंडोनेशिया, त्रिनिदाद और टोबैगो, लाओस और कंबोडिया से आए विदेशी कलाकार भी रामलीला का मंचन करेंगे।

सरयू तट पर होगी आरती
इस दिन शाम 6.15 से 6.45 बजे तक भगवान राम के स्वागत के लिए सरयू तट पर आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 6.45 से 7.30 बजे तक दीप प्रज्वलन होगा। इस दौरान 3 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की कोशिश रहेगी। इस दौरान वॉटर शो के साथ आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications