अतीक अहमद की कब्र के बगल में दफन हुआ अबान, तीनों भाइयों ने दिया कंधा, क्या आखिरी बार देखने पहुंची मां शाइस्ता?
Atiq Ahmed son Abaan Ahmed burial: अतीक अहमद के 21 साल के बेटे अबान अहमद को शनिवार शाम प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान की कब्र उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में बनाई गई। जनाजे में उसके तीनों भाई अली, उमर और अहजम मौजूद रहे। तीनों ने मिलकर छोटे भाई के जनाजे को कंधा दिया।
अबान के अंतिम संस्कार में करीब 5 से 6 हजार लोगों की भीड़ पहुंची। भीड़ इतनी बढ़ गई कि पुलिस को कई बार लोगों को पीछे हटाना पड़ा। हालात बिगड़े तो कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तक तोड़ दी। एक पुलिसकर्मी ने बंदूक की बट दिखाकर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद भी कुछ युवक अंदर जाने की कोशिश करते रहे, जिन्हें पुलिस ने थप्पड़ मारकर हटाया।

अबान को पिता की कब्र के पास मिली जगह
अबान को उसी कब्रिस्तान में दफनाया गया, जहां उसके पिता अतीक अहमद की कब्र है। इसी जगह उसके दादा फिरोज अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद भी दफन हैं। अबान का शव लेकर उसका भाई अहजम रोते हुए कब्रिस्तान पहुंचा। इसके बाद तीनों भाइयों ने मिलकर अबान को कंधा दिया और अंतिम रस्म पूरी की। परिवार की तरफ से बताया गया कि मां शाइस्ता परवीन जनाजे में नहीं पहुंचीं। वह 2023 से फरार हैं। इससे पहले अतीक और बेटे असद के जनाजे में भी उनकी मौजूदगी नहीं रही थी।
कब्रिस्तान के बाहर करीब 5 से 6 हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। जैसे ही भाई अहजम रोते हुए शव लेकर अंदर बढ़ा, लोग बैरिकेडिंग तोड़कर जबरन घुसने की कोशिश करने लगे। माहौल बिगड़ता देख पुलिस सख्त हो गई। सुरक्षा में तैनात जवानों ने बंदूक की बट दिखाकर लोगों को पीछे धकेला।
इसके बाद भी जब कुछ युवक जबरन अंदर घुसने पर अड़े रहे, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें थप्पड़ लगाकर और खदेड़कर मौके से तितर-बितर किया। केवल परिवार के करीबी सदस्यों और रिश्तेदारों को ही अंदर जाने की इजाजत मिली।
क्या बेटे को आखिरी बार देखने पहुंची शाइस्ता?
हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि क्या अबान की मां शाइस्ता परवीन अपने बेटे का आखिरी चेहरा देखने आएगी। हालांकि शाइस्ता जनाजे में शामिल होने नहीं पहुंची। साल 2023 से फरार चल रही शाइस्ता इससे पहले अपने पति अतीक अहमद और बेटे असद के अंतिम संस्कार के समय भी सामने नहीं आई थी।
कसारी-मसारी का यह वही खानदानी कब्रिस्तान है जहां अतीक के अलावा उसके पिता फिरोज अहमद, भाई अशरफ और बेटे असद की कब्रें भी मौजूद हैं।
चार साल बाद अली-उमर को मिली पैरोल
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके बड़े भाई अली और उमर को हाईकोर्ट से पैरोल मिली थी। अली झांसी जेल में बंद है, जबकि उमर लखनऊ जेल में है। दोनों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज लाया गया। अली को शनिवार (08 अगस्त) सुबह करीब साढ़े 9 बजे 30 पुलिसकर्मियों के साथ झांसी से रवाना किया गया।
करीब 400 किलोमीटर के इस सफर में उसकी पुलिस वैन पर पर्दे लगाए गए थे, ताकि चेहरा नजर न आए। उमर को लखनऊ जेल से दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रवाना किया गया। उमर शाम करीब साढ़े 4 बजे और अली करीब साढ़े 5 बजे प्रयागराज पहुंचा। दोनों को एक ही वक्त पुलिस वैन से बाहर निकाला गया। आमने-सामने आते ही दोनों भाई एक-दूसरे से गले मिले। इसके बाद मस्जिद में नमाज पढ़ी और अबान को मिट्टी दी।
पुलिस ने कब्रिस्तान में सिर्फ परिवार को जाने दिया
सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने कब्रिस्तान के अंदर सिर्फ परिवार और करीबी रिश्तेदारों को जाने की इजाजत दी। अली और उमर को पैरोल की शर्तों के तहत सार्वजनिक बयान, मीडिया बातचीत और सोशल मीडिया गतिविधि से दूर रहना था। जनाजे के बाद दोनों भाइयों की परिवार से मुलाकात भी कराई गई। मस्जिद के बाहर टेंट लगाकर मुलाकात की व्यवस्था की गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस अली को झांसी और उमर को लखनऊ जेल लेकर रवाना होगी।
1 घंटे का फैमिली टाइम और वापसी
अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद कब्रिस्तान के पास बनी मस्जिद के बाहर लगाए गए टेंट में दोनों भाइयों की मुलाकात कराई गई। हाईकोर्ट के आदेश के तहत अली और उमर को सिर्फ अपनी बुआ परवीन कुरैशी और भाई अहजम से ही मिलने का वक्त दिया गया। करीब 1 घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्य एक-दूसरे का हालचाल जानते दिखे। समय सीमा खत्म होते ही पुलिस टीमें अली को वापस झांसी जेल और उमर को लखनऊ जेल लेकर रवाना हो गईं।
भाई से मिलने जा रहा था अबान, रास्ते में हादसा
अबान की 06 अगस्त सुबह झांसी में सड़क हादसे में मौत हुई थी। वह जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था। कार में उसके साथ चार दोस्त थे। हाईवे पर करीब साढ़े 10 बजे जानवर को बचाने की कोशिश में कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हुए। दोनों के शव शुक्रवार (07 अगस्त) तड़के करीब 4 बजे एक ही एंबुलेंस से प्रयागराज के हटवा गांव लाए गए थे। अतीक का घर टूटने के बाद अबान अपनी बुआ के घर पर रह रहा था।


Click it and Unblock the Notifications
