अतीक अहमद की हत्या के बाद मायावती बोलीं, यूपी एनकाउंटर प्रदेश बन गया
Atiq Ahmed: बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश एनकाउंटर प्रदेश बन गया है। बेहतर हो सुप्रीम कोर्ट इस मामले का स्वत: संज्ञान ले।

Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीम मायावती ने यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। मायावती ने कहा कि यह अति निंदनीय और गंभीर घटना है।
मायावती ने ट्वीट करके लिखा, गुजरात जेल से अतीक अहमद व बरेली जेल से लाए गए उनके भाई अशरफ की प्रयागराज में कल रात पुलिस हिरासत में ही खुलेआम गोली मारकर हुई हत्या, उमेश पाल जघन्य हत्याकाण्ड की तरह ही, यूपी सरकार की कानून-व्यवस्था व उसकी कार्यप्रणाली पर अनेकों गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करती है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा, देश भर में चर्चित इस अति-गंभीर व अति-चिन्तनीय घटना का माननीय सुप्रीम कोर्ट अगर स्वंय ही संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करे तो बेहतर। वैसे भी उत्तर प्रदेश में ''कानून द्वारा कानून के राज'' के बजाय, अब इसका एनकाउंटर प्रदेश बन जाना कितना उचित? सोचने की बात।
बता दें कि इससे पहले इस हत्याकांड पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर सवाल खड़ा किया था। अखिलेश ने ट्वीट करके लिखा, उप्र में अपराध की पराकाष्ठा हो गयी है और अपराधियों के हौसले बुलंद है। जब पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच सरेआम गोलीबारी करके किसीकी हत्या की जा सकती है तो आम जनता की सुरक्षा का क्या। इससे जनता के बीच भय का वातावरण बन रहा है, ऐसा लगता है कुछ लोग जानबूझकर ऐसा वातावरण बना रहे हैं।
बता दें कि अतीक अहमद और अशरफ अहमद की हत्या के बाद प्रदेश में धारा 144 को लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमाम अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश में किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। आला पुलिस अधिकारी हर शहर में गस्त कर रहे हैं। प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था को काभी बढ़ा दिया गया है। भारी मात्रा में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications