यूपी में बीजेपी की सहयोगी अपना दल में पड़ी फूट, सपा में शामिल होंगे विधायक चौधरी अमर सिंह
लखनऊ, जनवरी 13। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई बीजेपी विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद अब बीजेपी की सहयोगी अपना दल में भी फूट पड़ चुकी है। गुरुवार को अपना दल के विधायक चौधरी अमर सिंह ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया और अपना इस्तीफा पार्टी प्रमुख को सौंप दिया।

झूठी है योगी सरकार, राज्य में नहीं हुआ विकास- अमर सिंह
चौधरी अमर सिंह ने मीडिया को बताया कि अपना दल को छोड़ चुके हैं और समाजवादी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात हुई है, वो जल्द ही सपा में शामिल होंगे। चौधरी अमर सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार बिल्कुल झूठी है, राज्य के अंदर कोई विकास नहीं हुआ है। चौधरी अमर सिंह ने ये भी दावा किया है कि अभी और भी बहुत से नेता हमारे साथ जुड़ेंगे।
ये हैं भाजपा छोड़ने वाले नेता
आपको बता दें कि पिछले 2-3 दिन के अंदर उत्तर प्रदेश में बीजेपी के अंदर से कई विधायकों ने अपना इस्तीफा सौंपा है और सभी ने समाजवादी पार्टी में जाने का संकेत दिया है। हाल ही में इस्तीफा देने वाले नेताओं में स्वामी प्रसाद मौर्य, दारा सिंह चौहान, तिलहर से विधायक रोशन लाल वर्मा, विधायक बृजेश प्रजापति, बिल्हौर से विधायक भगवती प्रसाद सागर, संतकबीरनगर से विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, सीतापुर से विधायक राकेश राठौर, बीजेपी विधायक अवतार सिंह भड़ाना, आरके शर्मा भी शामिल हैं। इन सभी नेताओं के समाजवादी पार्टी में जाने की संभावना है।
आपको बता दें कि अपना दल में पड़ी फूट भी बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि बीजेपी उत्तर प्रदेश में अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर ही चुनाव लड़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications