UP Politics: Anupriya Patel बढ़ाएंगी NDA की टेंशन? 5 लोकसभा सीटों पर दावेदारी की तैयारी
2024 लोकसभा चुनाव से पहले अनुप्रिया ने अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। वह बीजेपी से पांच लोकसभा सीटें छोड़ने का दबाव बना रही हैं।
Uttar Pradesh: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सभी दलों ने अपने सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है। इसी क्रम में 18 जुलाई को दिल्ली में हुए एनडीए की बैठक में बीजेपी की सहयोगी अनुप्रिया पटेल भी शामिल हुईं थीं। बैठक के बाद अब उन्होंने लोकसभा चुनाव की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।

2024 को लेकर रणनीति बनाने में जुटीं अनुप्रिया
अपना दल के सूत्रों की माने तो अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के भीतर रायशुमारी करनी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि वह इस बार पांच लोकसभा सीटों की दावेदारी करेंगी। सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि क्षेत्रिय पार्टी का दर्जा हासिल होने के बाद अब अनुप्रिया ने बीजेपी के सामने मजबूती से अपनी डिमांड रखी है।
क्षेत्रीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद अनुप्रिया ने बढ़ाया दबाव
अपना दल के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि अब स्थितियां पहले की तरह नहीं रहीं। विधानसभा चुनाव में पार्टी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। जिसके बाद चुनाव आयोग ने अपना दल को क्षेत्रीय दल की मान्यता दे दी है। अब पार्टी अपने संगठन का विस्तार करने में जुटी है। इस बार पार्टी दो की बजाए पांच सीटों पर अपनी दावेदारी करने जा रही है।
विधानसभा चुनाव के बाद मिली थी क्षेत्रीय दल की मान्यता
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल (Anupriya Patel) को विधानसभा चुनाव में अपनी सीटों की संख्या और मत प्रतिशत बढ़ाने का लाभ मिला है। चुनाव आयोग (ECI) ने अपना दल (सेकुलर) को एक क्षेत्रीय दल के रूप में मान्यता दे दी है। इसके साथ ही अब यूपी में क्षेत्रिय दलों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले समाजवादी पार्टी (SP) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD)को यूपी में क्षेत्रीय दल का दर्जा प्राप्त है।
पार्टी ने सभी 18 मंडलों में किया संगठन का विस्तार
अनुप्रिया ने अपनी पार्टी को क्षेत्रीय दल का दर्जा मिलने के साथ ही यूपी के सभी 18 मंडलों में अपनी इकाइयों के गठन का सिलसिला तेज कर दिया है। अपना दल ने तय किया है कि सभी मंडलों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिलाध्यक्षों को टास्क पकड़ा दिया गया है।
अपना दल के 12 विधायक और दो सांसद
यूपी में पार्टी के पास दो लोकसभा सांसद, 12 विधायक और एक एमएलसी है। अनुप्रिया पटेल खुद मिर्जापुर से सांसद हैं जबकि रॉबर्ट्सगंज से पकौड़ी लाल कोल हैं। लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा। वहीं, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) को मजबूत होते देखा गया है। इसी वजह से उनके राज्य स्तरीय राजनीतिक दल का दावा मजबूत हुआ है। अनुप्रिया पटेल ने चुनाव आयोग के फैसले को पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा बताया है।
17 सीटों पर लड़ा था विधानसभा का चुनाव
अपना दल (एस) ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और 12 पर जीत हासिल की। वहीं, पार्टी के उम्मीदवार 5 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही। इसका फायदा पार्टी को मिला है। अब राज्य स्तरीय पार्टी बनने के बाद अपना दल (एस) को स्थायी चुनाव चिन्ह चुनने का विकल्प मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications