एशिया के सबसे बड़े टेंट विक्रेता लल्लू जी एंड संस का इलाहाबाद गोडाउन जलकर खाक, भारी नुकसान
इलाहाबाद। एशिया के सबसे बड़े टेंट विक्रेता और राष्ट्रीय स्तर पर टेंट का कारोबार करने वाले 'लल्लू जी एंड संस' का इलाहाबाद गोडाउन आज आग की भेंट चढ़ गया। कई घंटों तक आग तांडव मचाती रही और गोदाम में भारी नुकसान के साथ पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा। बता दें कि लल्लू जी एंड संस के टेंट का कारोबार पूरे देश में न सिर्फ फैला हुआ था, बल्कि हर साल प्रयाग में लगने वाले माघ मेला व कुंभ में मेले को सजाने का काम भी यह करते थे। इतना ही नहीं देश में लगने वाले अन्य कुंभ समेत टेंट से संबंधित हर बड़े आयोजन बगैर लल्लू जी एंड संस की सप्लाई के पूरे नहीं हुआ करते थे। देश के कई हिस्सों में इन्होंने अपना फ्रेंचाइजी कार्यालय भी बना रखा है। इसी कारण इन्हें एशिया का सबसे बड़ा टेंट कारोबारी भी घोषित किया गया है।

मुख्यालय आग से जला
जो गोडाउन आज आग की भेंट चढ़ा यह लल्लू जी एंड संस के टेंट कारोबार का केंद्र था। इसका मुख्यालय और मुख्य ऑफिस इलाहाबाद के रामबाग में ही स्थित है और यही पर इसका टेंट गोदाम था, जिसमें आज अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते बड़े पैमाने पर आग ने तबाही मचाई है। आश्चर्य इस बात का है कि अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां समय रहते और मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान से काफी कुछ बचाया जा सकता था। लेकिन, फायर ब्रिगेड की जब पहली गाड़ी पहुंची तो आग बुझाने के दौरान उसका पानी खत्म हो गया और इसी तरह एक एक कर 3 गाड़ियां पहुंची, लेकिन तब तक आग अपने विकराल रूप में आ चुकी थी। यही कारण था कि आग बुझाते-बुझाते लगभग पूरे गोडाउन को ही साफ कर गई।
कुंभ मेले के टेंट प्रमुख
2019 में कुंभ मेला लगने वाला है और मेले का लगभग बहुत बड़ा हिस्सा लल्लू जी एंड संस की कंपनी सजाने वाली थी। लेकिन, अब इतने बड़े पैमाने पर नुकसान के बाद आखिर कैसे संगम की रेती पर टेंट का शहर बसेगा? यहा सवाल अब सबके सामने होगा। फिलहाल दोपहर में लगी आग देर शाम तक सुलगती रही और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आग को बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं। हालांकि लल्लू जी एंड संस के गोदाम के अलावा आग दूसरी जगह नहीं फैली और दूसरी जगह नुकसान नहीं हुआ है। अभी मौके पर भारी फोर्स के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच चुके हैं और हालात का जायजा ले रहे हैं। लेकिन, आग लगने के कारण का पता अभी नहीं चल सका है।
ये एशिया के सबसे बड़े टेंट विक्रेता और राष्ट्रीय स्तर पर टेंट का कारोबार करने वाले 'लल्लू जी एंड संस' का इलाहाबाद गोडाउन आज आग की भेंट चढ़ गया। कई घंटों तक आग तांडव मचाती रही और गोदाम में भारी नुकसान के साथ पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा।












Click it and Unblock the Notifications