इलाहाबाद में दलित छात्र की पीट-पीटकर हत्या के मामले में अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा
Recommended Video

इलाहाबाद । इलाहाबाद के कटरा इलाके में शुक्रवार की रात बेरहमी से पीटे गए एलएलबी के छात्र दिलीप सरोज की मौत के बाद मामला अब बढ़ने लगा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार को घेरा और दिलीप की मौत पर दुख भी जताया है। उन्होंने लिखा कि - हद दु:खद ! 26 वर्षीय दिलीप सरोज का इलाहाबाद में सरेआम क़त्ल! लाचार क़ानून व्यवस्था, बद से बदतर होती स्थिति भाजपा राज में। वही यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने इलाहाबाद पुलिस से मामले की रिपोर्ट तलब की है। डीजीपी के रुख को देखते हुये एसएसपी ने लापरवाही पर चौकी इंचार्ज कटरा दयाराम व सिपाही सरफराज अहमद को सस्पेंड कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज से पहचाने गये एक आरोपी (कालका रेस्टोरेंट के वेटर) मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके साथियों की तलाश की जा रही है । एसएसपी ने मामले की जांच एसपी सिटी सिद्धार्थ मीणा को सौंपी है और अब आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

क्या बोले एसएसपी
एसएसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर ली गई है । इसमें मुख्य आरोपी गाजीपुर में तैनात टीटीआई विजय शंकर सिंह है , वह अपने एक दोस्त की फॉर्चूनर कार से साथियों को लेकर कालिका रेस्टोरेंट पहुंचा था। जहां दिलीप को बेरहमी से इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में वेटर मुन्ना सिंह चौहान दिलीप पर रॉड से हमला करते हुए नजर आया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। टीटीआई विजय शंकर समेत उसके अन्य दो साथियों की तलाश की जा रही है।

क्या है मामला
प्रतापगढ़ का रहने वाला दिलीप सरोज इलाहाबाद के सलोरी ओम गायत्री नगर में किराए के लॉज में रहता था । वह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के एडीसी कॉलेज में एलएलबी का छात्र था । शुक्रवार की रात वह अपने दो दोस्तों के साथ कटरा स्थित कालिका रेस्टोरेंट में भोजन करने के लिए गया था । इसी दौरान वहां पहुंचे टीटीआई विजय शंकर आदि से पैर में ठोकर लगने को लेकर मारपीट शुरु हो गई। दिलीप को पहले रेस्टोरेंट के अंदर ही पीटा गया और फिर रेस्टोरेंट की सीढ़ियों से खींचकर बाहर लाया गया। हमलावर उस पर ईट पत्थर और राड से तब तक हमला करते रहे जब तक वह जिंदा नजर आया। बेरहमी से पीटे जाने के बाद दिलीप कोमा में चला गया, हमलावरों के जाने के बाद रेस्टोरेंट संचालक ने दिलीप को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर शनिवार को उसे सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रविवार की सुबह इलाज के दौरान दिलीप ने दम तोड़ दिया।

वायरल हुआ वीडियो
दिलीप को जब रेस्टोरेंट के बाहर हमलावर बेरहमी से पीट रहे थे उस पर रॉड और पत्थर बरसाए जा रहे थे। और उस समय कुछ लोग वीडियो बनाने में भी जुटे थे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लोग घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं । बेहद खौफनाक दृश्य को देखकर लोगों में खासा आक्रोश है और पूरे इलाहाबाद में घटना से दहशत फैली है। वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस भी अपना इकबाल बुलंद करने मैदान में आई और 2 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करते हुए एक आरोपी वेटर को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल सोशल मीडिया पर योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर जमकर सवाल उठ रहे हैं और इलाहाबाद पुलिस की आलोचना की जा रही है।

छात्रों में आक्रोश कॉलेज बंद
दिलीप की मौत के बाद छात्रों का भी आक्रोश फूट पड़ा है। सैकड़ों की संख्या में छात्र पहले सिविल लाइंस स्थित अस्पताल के बाहर जुटे फिर पोस्टमार्टम हाउस में भी भीड़ जुटी रही । दिलीप का फिलहाल अंतिम संस्कार कर दिया गया है , लेकिन आक्रोशित छात्रों ने कार्यवाही ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है । आज दिलीप के लिए एडीसी कॉलेज को बंद कर दिया गया है और शहर में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के तहत पुलिस सक्रियता बढ़ा दी गई है।

रेस्टोरेंट मालिक भी गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल वाले कालिका रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद करा दिया है और उसके मालिक अमित उपाध्याय को गिरफ्तार कर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अमित की भी भूमिका को संदिग्ध मान रही है और पूछताछ कर रही है। हालांकि रेस्टोरेंट शनिवार को खुला था, लेकिन दिलीप की मौत के बाद पुलिस जागी और रेस्टोरेंट बंद कराते हुये संचालक को हिरासत में ले लिया है। बता दे कि रेस्टोरेंट संचालक ने ही घायल दिलीप को अस्पताल में भर्ती कराया था।












Click it and Unblock the Notifications