शिवपाल ने जिसे मंच से धकयाया था, अखिलेश ने उन्हीं के विभाग का मंत्री बनाया
शिवपाल ने सपा नेता जावेद आब्दी को पार्टी की स्टेज से धक्का दे दिया था, लेकिन अखिलेश ने उन्हें मंत्री पद दिया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव के बीच खींचतान अभी रुकती नहीं दिख रही है। अखिलेश ने शिवपाल को बिल्कुल नापसंद जावेद आब्दी को दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया है।

5 नवंबर को समाजवादी पार्टी के 25 साल पूरे होने पर लखनऊ में रजत जयंती समारोह में समाजवादी पार्टी के सभी नेता जुटे थे, तो पार्टी अखिलेश और शिवपाल के बीच बंटी दिख रही थी।
इस समारोह में अखिलेश और शिवपाल ने खुलकर एक-दूसरे पर आरोप भी लगाए थे। इसी दौरान उस समय अजीब माहौल हो गया था, जब सीएम अखिलेश यादव की तारीफ कर रहे सपा नेता जावेद आब्दी को शिवपाल ने धक्का देकर स्टेज से उतार दिया था।
ये मामला इसलिए चर्चा में रहा था क्योंकि जावेद को अखिलेश का करीबी माना जाता है। इसके बाद समाजवादी पार्टी में काफी उठा-पटक हुई लेकिन पिछले कुछ समय से ऊपरी तौर पर सब शांत दिख रहा है।
अब एक बार फिर से सपा में उठापटक होती दिख रही है। अखिलेश ने जावेद आब्दी को सिंचाई विभाग में सलाहकार बनाया है। उनको दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया गया है।
ऐसे में माना जा सकता है कि शिवपाल के विभाग में जावेद आब्दी को सलाहकार बनाए जाने के बाद एक बार फिर मुलायम परिवार में उठापटक का दौर शुरू होगा।
एक महीने पहले भी अखिलेश और शिवपाल ने एक-दूसरे के करीबी मंत्रियों और नेताओं के पर कतरने की कोशिश की थी। ऐसे में अखिलेश के आब्दी को लाने के बाद शिवपाल के कदम पर सबकी निगाहें हैं।












Click it and Unblock the Notifications