Akhilesh Yadav birthday: सीएम योगी ने एक्स पर दी शुभकामनाएं, सपा प्रमुख ने जवाब में क्या लिखा?
Akhilesh Yadav birthday: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आमतौर पर आमने-सामने रहने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सोमवार को सौहार्द्रपूर्ण संवाद देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं!' इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने भी धन्यवाद व्यक्त करते हुए शिष्टाचार निभाया।

अखिलेश यादव ने अपने जवाब में लिखा, 'आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।' दोनों नेताओं के इस ट्वीट का स्कीनशॉट लेकर कुछ लोग सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर शेयर कर रहे हैं।
KGMU में रक्तदान शिविर में शामिल हुए अखिलेश
अपने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर सोवामर को अखिलेश यादव लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में उन्होंने भाग लिया।
अखिलेश यादव ने रक्तदान करने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना की और उन्हें समर्पित बताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने इसे समाज को जोड़ने वाला प्रयास बताया और कहा कि यह राजनीति से परे मानवता का काम है।
पीडीए राजनीति को बताया जोड़ने वाली ताकत
शिविर के दौरान अखिलेश यादव ने पीडीए राजनीति को जोड़ने की राजनीति बताया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन उन वर्गों के लिए है जो पीड़ित, उपेक्षित और हाशिए पर हैं। इसका मकसद उन्हें एकजुट करना है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा इन वर्गों को साथ लाकर न्याय और सम्मान दिलाने की दिशा में काम कर रही है। पीडीए को उन्होंने सामाजिक परिवर्तन का एक माध्यम बताया।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अभिव्यक्ति की आज़ादी खतरे में है। उन्होंने इसे 'अघोषित आपातकाल' करार दिया और कहा कि लोकतंत्र में असहमति का स्थान होना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि जो भी सरकार की आलोचना करता है, उसे सरकारी तंत्र के जरिए दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने युवाओं और समाज के जागरूक वर्ग से इसके खिलाफ आवाज़ उठाने की अपील की।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव का जन्मदिन बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के दफ्तर को फूलों और झंडियों से सजाया गया है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंचे हैं।
इसी तरह यूपी के हर जनपद में सपा द्वारा अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कही केक काटा जा रहा है तो कहीं हवन पूजन किया जा रहा है। फ्रंटल संगठन और पार्टी कार्यकर्ताओं भी इसी तरह जन्मदिन मना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications