CCTV: छेड़खानी की शिकायत पर भाजपा नेता के परिजनों ने महिला शिक्षक को जमकर पीटा
आगरा। उत्तर प्रदेश में आए दिन किसी ना किसी भाजपा नेता की दबंगई का मामला सामने आता है। इस बार आगरा के बाह क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक भाजपा नेता और उसकी पत्नी ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला टीचर की पिटाई कर दी। आरोप है कि महिला टीचर ने भाजपा नेता के बेटे पर छेड़खानी करने की शिकायत थाने में की थी जिससे नाराज भाजपा नेता और उसकी पत्नी ने घर के पड़ोस में रहने वाली महिला टीचर की पिटाई कर दी। इस पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मामला आगरा के बाह क्षेत्र का है जहां एक भाजपा नेता और उसकी पत्नी ने एक महिला टीचर को घर से खींचकर बेरहमी से पीटा। यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाह के एक गांव की रहने वाली पीड़ित महिला परिषदीय स्कूल में पढ़ाती है। आरोप है कि भाजपा नेता के बेटे ने महिला टीचर से अश्लील हरकत की थी जिसकी शिकायत करने पर भड़के शोहदे के परिजनों ने मारपीट की है। आरोपी के घर की महिलाएं टीचर के घर पहुंच गईं और खींचकर बेरहमी से जमीन पर पटककर डंडे से पिटाई कर दी। उसके बाल पकड़कर खींचे। मारपीट की यह घटना टीचर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इस मामले में घायल टीचर ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। साथ ही सीओ और एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस पीड़ित महिला का मेडिकल कराकर मामले की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications