VIDEO: भाई ने क्यों दी चचरे भाई की बलि, जेब से निकली पर्ची से हुआ खुलासा
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना मलपुरा के एक गांव में शुक्रवार सुबह खेत में एक लावारिस शव के मिलने से हड़कंप मच गया था। जांच में मृत व्यक्ति की शिनाख्त रूप सिंह के रूप में हुई थी। हत्या के खुलासे में सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश हुआ है। मृतक के फोन और कपड़ों की जांच के बाद परिजनों ने चचेरे भाई पर बलि देने का आरोप लगाया है और थाना मलपुरा में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। मृतक का अंतिम संस्कार दो दिन पहले हो चुका है, जिसके बाद से जांच करने के नाम पर पुलिस के भी हाथ-पांव फूल रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपियों को हिरासत में लिया है।

पहले ही हो गई थी अनहोनी की आहट
बता दें कि मामला थाना मलपुरा के गांव डावली का है। यहां के रहने वाले मृतक रूप सिंह की अपने चचेरे भाई दिगम्बर से नजदीकी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई थी, जो किसी अनहोनी की आहट थी। हुआ भी ऐसा ही, शुक्रवार की सुबह दिगम्बर ,नानगराम और उसका बेटा राजकुमार व श्रवण सुबह तड़के उसे ले गए थे और कुछ देर बाद उसके परिजनों को रूप सिंह के गड्ढे में गिर जाने की सूचना दी। मृतक के भाई विश्वनाथ के आने पर उसे आगरा लाया गया। जिसे यहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने आकस्मिक मौत समझ कर रूप सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया।

कपड़े धोने बैठी बेटी के मिला सुराग
सोमवार को जब उसके गंदे कपड़े बेटियों ने धोने की सोची तो उसमें से टोना टोटका करने के लिए दिगम्बर की दी हुई एक पर्ची निकली। इसके बाद जेब मे रखे फोन को चेक किया गया तो उसमें दिगम्बर की गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह की कॉल रिकार्डिंग में उनके टोना-टोटका करने और सोना निकालने की बात सामने आई। खेतों पर बनी कोठरी चेक की गई तो पता चला कि वहाँ रात में शराब डालकर हवन किया गया था और रात घर वापस आने के बाद सुबह फिर तांत्रिक क्रिया होने लगी। इसके लिए सुबह यह लोग उसे बुला कर ले गए थे। मिढ़ाकुर के गांव गढ़ी गुलजारी का दिगंबर सिंह तंत्र क्रिया का मास्टरमाइंड था और परिजनों का आरोप है कि रूप सिंह को बेवकूफ बना कर गड़ा सोना दिलाने के बहाने उसकी बलि दे दी है।

हादसा समझ कर दिया अंतिम संस्कार
मृतक के भाई विश्वनाथ के अनुसार 24 नवंबर की सुबह दिगंबर सिंह उसके घर पहुंचा और किरावली जाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गया। वहां से दिगंबर सिंह अकेला गांव लौटा और बताया कि पानी में गिरकर रूप सिंह की मौत हो गई है। इससे पहले रात में भी वो लोग साथ ही खेत गए थे और रूप सिंह देर रात लौटा था। परिजनों ने उसपर विश्वास कर लिया और हादसे में मौत समझकर रूप सिंह के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

जमीन में गड़ा सोना पाने की लालच को दी बलि
परिजनों को शक तब हुआ, जब रूप सिंह की मौत के बाद दिगंबर सिंह अचानक से गायब हो गया। परिजनों ने इस मामले में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, तो चैंकाने वाला तथ्य सामने आया। पता चला कि रूप सिंह के चचेरे भाई और दिगंबर सिंह ने हत्या की साजिश रची थी। वो भी एक तांत्रिक के कहने पर। धौलपुर निवासी तांत्रिक ने दिगंबर सिंह को बताया था कि जमीन में दबा हुआ धन प्राप्त करना है तो बलि देनी होगी। परिजनों का कहना है कि दिगंबर सिंह बलि देने के लिए ही रूप सिंह को घर से ले गया था। 27 नवंबर को मामले में ये जानकारी होने के बाद परिजनों ने थाना मलपुरा में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मलपुरा रमेश भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। अभी कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है जांच के बाद खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications