'यूपी+बिहार= गयी मोदी सरकार', नीतीश के समर्थन में सपा कार्यालय के बाहर लगाया गया पोस्टर
लखनऊ, 10 सितंबर: 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश में हैं। नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे से राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। तो वहीं, समाजवादी पार्टी ने नीतीश कुमार और अखिलेश यादव के साथ एक पोस्टर शनिवार को जारी किया है, जिसे लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर लगाया गया है। इस पोस्ट में लिखा, 'यूपी+बिहार= गयी मोदी सरकार'।
Recommended Video

सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर से यह बात साफ जाहिर हो रही है कि समाजवादी पार्टी ने 2024 के लिए लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। बता दें कि इस पोस्टर को सपा नेता आई.पी सिंह की तरफ से लगाया गया है। हालांकि, इस पोस्टर के जारी होने से पहले ही बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। दोनों ही पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर जमकर हमला बोल रहे हैं।
सपा ऑफिस के बाहर लगे पोस्टर के मकसद के बारे में पार्टी नेता आईपी सिंह ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, 'इस बार का लोकसभा चुनाव केंद्र से मोदी सरकार को हटाने के लिए हो रहा है। सभी विपक्षी दल मिलकर मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करके रहेंगे। यूपी और बिहार की इसमें बड़ी भूमिका होगी। क्योंकि, यह दोनों राज्य सियासत की दशा-दिशा तय करने वाले राज्य हैं।' कहा कि विपक्षी दलों ने अब मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निश्चित ही यह अपने मकसद में सफल रहेगा।
दरअसल, बिहार की सीएम नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव से हाथ मिलाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी की गोलबंदी शुरू कर दी हैं। इस दौरान नीतीश ने 06 सितंबर को गुड़गाव के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती सपा संयोजक मुलायम सिंह यादव और सपा अध्यक्ष अखिलेश यागव से भी मुलाकात की। इसके बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से कहा था कि हम लोगों का लक्ष्य तो एक ही है, सबको मिलकर आगे बढ़ना है।












Click it and Unblock the Notifications