VIDEO: काम करने से मना करने पर बच्चे को दिया धक्का, इंजन से कटा पैर
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बाल मजदूरी से जुड़ा दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां कोल्हू पर एक बच्चे ने काम करने से मना किया तो उसे उसके ही चचेरे भाई ने धक्का दे दिया। इसके चलते बच्चा इंजन पर जा गिरा और अपना एक पैर खो बैठा। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र के ग्राम नगला धरमाई के रहने वाले दयाशंकर प्रजापति का 11 वर्षीय पुत्र ईसू को उसके घर से गांव के ही रहने वाले आशीष प्रजापति अपने साथ ले गया और कोल्हू पर काम करने का जबर्दस्ती दबाव बनाया। जब उसने काम करने से मना किया तो गाली-गलौज करते हुए उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश प्रजापति ने ईसू को चलते इंजन में धक्का दे दिया।

इससे ईसू का एक पैर चलते इंजन के पट्टे में फंस गया और मौके पर ही उसका एक पैर कटकर दूर जा गिरा। इसके बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गया जिसकी सूचना परिजनों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे। परिजनों ने प्राथमिक उपचार कराया और फिर इस मामले की गुहार पुलिस से लगाई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications