दूसरी औरत से प्रेम में बीवी को दी ऐसी मौत कि पुलिस भी चकराई!
मिर्जापुर। मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फंदे पर लटकी महिला के मौत के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पति ने ही पत्नी को पहले जहर देकर मार डाला, उसके बाद उसे फंदे पर लटका दिया जिससे मामला आत्महत्या का लगा पर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने सच्चाई सामने ला दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छानबीन कर आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पति ने हत्या की बात स्वीकार की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुई जहर से मौत की पुष्टि
जमालपुर के मदरा गांव निवासी 25 वर्षीय सन्नो देवी की 15 मई को घर में अबूझ हाल में फांसी के फंदे से लटककर मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। मायके वालों ने आरोपित पति के खिलाफ तहरीर दर्ज की थी। पोस्टमॉर्टम रिपोट में जहर से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने गुरुवार की रात आरोपित पति मृत्युलोक गोंड को गिरफ्तार कर लिया।

पानी में डालकर पिलाई थी चूहे मारने की दवा
थाना प्रभारी जमालपुर बृजमोहन सरोज से पूछताछ करने पर आरोपित पति ने बताया कि उसका झारखंड निवासी महिला से प्रेम संबंध था। पत्नी इसका विरोध करती थी। इसे लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। 15 मई को उसने चूहे मारने की दवा को पानी में मिलाकर पत्नी को पिलाया था। पत्नी की मौत के बाद गले पर दुपट्टे से निशान बनाया और फंदे से लटका दिया। इसके बाद दवा लेने चला गया। दवा लेकर वापस आया तो शोर मचाकर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने आरोपित पति पर चालान कर जेल भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications