यूपी: लाड़-प्यार से पाली गई बेटी को बेटा ना होने की मिली सजा, पिता ने छत से फेंका
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली के थाना क्षेत्र सीबीगंज में एक पिता ने बेटा नहीं होने पर अपनी बड़ी बेटी को छत से फेंक दिया। छत से गिरने की वजह से मासूम बुरी तरह से घायल हो गई। परिवारवालों ने जब बेटी को सड़क पर खून से लथपथ पड़े देखा तो जल्दीबाजी में मासूम को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि सर से ज्यादा खून बह जाने के कारण मासूम का हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मासूम को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव परधोली में कोटा चलाने वाले हरपाल के बेटे अरविंद की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। अरविंद की पत्नी ने डेढ़ साल पहले बच्ची को जन्म दिया जिसका नाम काव्या था।
जब अरविंद की पत्नी दूसरी बार गर्भवती हुई तो अरविंद को उम्मीद थी इस बार उसके घर बेटे का जन्म होगा। लेकिन अरविंद की पत्नी ने चार दिन पहले एक और बेटी को जन्म दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। अरविंद गुस्से में अपनी बड़ी बेटी काव्या को छत पर ले गया और धक्का दे दिया। परिवार वालों ने जब काव्या को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा तो तुरंत काव्या को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना पर पहुंची पुलिस ने मौके से काव्या के पिता को गिरफ्तार कर लिया।
अरविंद और उसका पिता हरपाल यह चाहते थे कि उनके घर एक बेटे का जन्म हो जाए ताकि उसका वंश चलता रहे। लेकिन अरविंद की पत्नी ने फिर एक बेटी को जन्म दिया जिसके चलते परिवार में विवाद चल रहा था। हरपाल ने अपनी पोती काव्या को परिवार का बड़ा बच्चा होने के नाते बहुत लाड से पाला है। हरपाल ने काव्या का नामकरण संस्कार भी बहुत शानदार तरीके से मनाया था। लेकिन जब अरविंद की दूसरी बेटी हुई तो हरपाल ने खर्चा उठाने से मना कर दिया। इससे परिवार में विवाद और बढ़ गया। अरविंद के अनुसार कहासुनी में काव्या उसके हाथ से छूटकर छत से नीचे जा गिरी। उसने अपनी बेटी को जानकर नही फेंका। काव्या को बरेली के महेंद्र गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र गंगवार के मुताबिक सीटी स्कैन में काव्या के मस्तिक में खून का थक्का जमा दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications