पिता को शादियों का शौक, बेटी को 2 साल से जंजीरों में जकड़ कर रखा
इलाहाबाद। यूपी के कौशांबी जिले में बेटी को जंजीर में जकडने और कैद रखने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 14 साल की बेटी को उसके ही पिता ने 2 साल से जंजीर में जकड़ कर कैद रखा है। बेटी को कैद कर वह उससे दुकान और घर का काम कराता था। किराने की दुकान में जंजीर में ताले के साथ कैद बेटी पर एक ग्राहक की नजर पड़ी तो वह चौंक गया। ग्राहक ने चुपचाप बेटी की तस्वीर खींची और मीडियाकर्मियों को भेज दिया। घटना की तहकीकात करने पर जंजीर में जकडी बेटी की सच्चाई सामने आई तो पिता घर छोड़कर भाग निकला। पुलिस प्रशासन को भी मामले की सूचना दी गई है। पूछताछ में पता चला कि बेटी मानसिक रूप से बीमार है और वह कहीं भाग न जाये इसलिये उसे बांध कर रखा गया है।

दुख सहते हुई बीमार
कौशांबी जिले में एक छोटा सा गांव है रजऊ का पूरा। इस गांव में ही कैद है शबाना। शबाना की कहानी बड़ी ही दुखभरी है। पहले मां उसे छोड़कर चली गई, फिर पिता सौतन मां ले आये। कुछ दिन बाद कुपोषण से छोटे भाई की मौत हो गई और इन सब सदमों से शबाना के दिमाग पर गहरा असर पड़ा। वह धीरे धीरे गुमसुम रहने लगी घंटों कमरे में बंद सुबकती रहती। उसका दुख और अकेलापन किसी ने नहीं समझा, जिससे वह मानसिक तौर पर बीमार होती चली गई। वह अपनी सुध-बुध खोकर घर से निकल पड़ती और वीराने में बैठकर आंसू बहाती। दो साल पहले उसकी ऐसी ही दशा पर पिता ने इलाज कराने के बजाय बेरहम रास्ता खोजा।

पालतू जानवर की तरह बेटी को रखा
उसके पिता ने बाजार से लोहे की जंजीर और ताला खरीदा, फिर बेटी को उसमे जकड़कर किसी पालतू जानवर की तरह रखने लगा। घर के कामों से लेकर दुकान का भी काम शबाना उसी तरह जंजीर में बंधे रहकर करती। लेकिन छोटी सी भी गलती या देरी होने पर पिता बड़ी बेरहमी से उसे पीटता। शबाना चीखती चिल्लाती लेकिन पागल समझ कर कोई उसकी मदद के लिये आगे नहीं आया।

पिता का शौक शादी करना
रजऊ का पूरा गांव में शबाना के पड़ोसी बताते हैं कि शबाना का पिता सोहराब अभी 40 साल का है और उसका शौक शादी करना है। अब तक तीन शादियां कर चुका है और शबाना पहली पत्नी की बेटी है। गांव करीम ने बताया कि सोहराब की पहली शादी समरोज बानो से हुई थी। शादी के तीन साल के अंदर समरोज की कोख से तीन बच्चे भी हो गये। पति की खराब आदत से आजिज समरोज ने चौथे साल घर छोड दिया, दो बेटियां रुखसाना, शबाना और एक बेटे को भी यहीं छोड़कर कहीं चली गई और फिर कभी नहीं लौटी। सोहराब ने फिर से शादी की लेकिन पत्नी रशीदा भी सोहराब की खराब आदत जानकर एक साल बाद भाग निकली। इस साल भी सोहराब ने शादी की और इस बार उसकी पत्नी उसकी बेटी की उम्र की है। मामले में कौशांबी थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पिता घर छोड़कर भाग गया है। पुलिस का कहना है कि शबाना की हर तरह से मदद की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications