ई-रिक्शा को छूते ही हुई बच्चे की मौत, पूरी गाड़ी में था करंट
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में खेलते समय बच्चे ने चार्जिग हो रहे ई-रिक्शा को पकड़ लिया तो वह रिक्शे में फैले करंट की चपेट में आ गया। घटना में मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जिसकी जानकारी से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिक्शा चालक की तलाश की लेकिन वह नहीं मिला।

कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कालोनी के ब्लाक 87 में अतीक अपने परिवार के साथ रहता है। वहीं, ब्लाक 86 में कुछ ई-रिक्शा चालक बैट्री चार्जिग के लिए रिक्शा लेकर आते हैं। अतीक का दो वर्षीय पुत्र आशिक घर के बाहर खेल रहा था। किसी प्रकार वह रिक्शे के पास पहुंच गया और चार्जिग में लगे रिक्शे को पकड़ लिया। इस दौरान उसमें आ रहे करंट की चपेट में आ गया। इसके बाद बेहोश होकर गिर पड़ा। काफी देर तक बालक के वापस कमरे में न पहुंचने पर परिजन बाहर निकले तो उसको बेहोश अवस्था में पड़ा देखा। परिजन उसे लेकर नगला दिलू स्थित 100 शैय्या अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
इस बीच रिक्शा चालक चार्जिग पर लगे रिक्शे को लेकर फरार हो गया। इधर सूचना पाकर मौके पर यूपी 100 व कोतवाली पुलिस पहुंची। मामले की जानकारी करने के बाद ई-रिक्शा चालक की तलाश करती रही लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, तो शव उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं पुलिस ने चार्जिग के अवैध कारोबार के मामले में संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार व्यास ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications