यूपी: कन्नौज में रोडवेज ने चार गाड़ियों में मारी टक्कर, बच्चे समेत चार की मौत
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में गुरुवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां जीटी रोड पर गोवर्धनी के सामने चार वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के गांव पकरा निवासी संत लाल अपने पूरे परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए कन्नौज जा रहा था। डीसीएम जैसे ही कन्नौज के थाना कोतवाली के गोवर्धनी के करीब पहुंची कि तभी दिल्ली से आ रही कन्नौज डिपो की बस ने उसे टक्कर मार दी। डीसीएम के ठीक पीछे एक टेम्पो भी चल रही थी। बस ने डीसीएम के बाद उसमें भी टक्कर मार दी। ठीक उसी दौरान बस के पीछे आ रही एक बाइक भी इस टक्कर का शिकार हो गई। उस पर सवार युवक भी घायल हो गया।

जबकि डीसीएम सवार छह लोगों में से संत लाल की पत्नी और दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी और गाड़ी में फंसे घायलों को किसी प्रकार बाहर निकाल कर उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पत्नी और बच्चों को खोकर बिलख पड़ा संतलाल
संतराम हंसी-खुशी अपनी पत्नी मालती और बेटे विनय और बेटी दीपिका के साथ शादी में जा रहा था, लेकिन एक झटके में पत्नी और दोनों बच्चे काल के गाल में समा गए। अपने सामने ही अपने परिवार को मौत के मुंह में समाता देखकर संतलाल बेसुध हो गया। इस हादसे में उसकी चाची ज्ञानवती की भी जान चली गई, जबकि चाचा जगतपाल को काफी चोटे आईं।












Click it and Unblock the Notifications