जेल में बंद कुलदीप सेंगर की बेटी ने अलका लांबा के खिलाफ दर्ज कराई FIR, जानें क्या है मामला
उन्नाव। रेप के मामले में दिल्ली के तिहाड़ जेल में सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ने कांग्रेस नेता अलका लांबा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। बता दें, अलका लांबा ने ट्वीट करते हुए पीएम व गृहमंत्री के इशारे पर कुलदीप सिंह सेंगर को कोर्ट से जमानत दिलाने का आरोप लगाया था, जिसका समर्थन एक अन्य कांग्रेस नेता धरना पटेल ने भी किया था। इसके बाद सेंगर की बेटी ने ट्वीट को राजनैतिक षडयंत्र बताते हुए पलटवार किया। उनका कहना है कि जब कोर्ट में जमानत की अर्जी ही नहीं दी गई तो जमानत कैसे मंजूर होगी? सेंगर की बेटी ने उन्नाव के एसपी से मुलाकात कर अलका लांबा के ट्विटर को आधार बनाकर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।

कांग्रेस नेत्री अलका लांबा व धरना पटेल ने 23 मई को पीएम व गृह मंत्री, भाजपा सांसद साक्षी महाराज के इशारे पर कुलदीप सिंह सेंगर को कोर्ट से जमानत मिलने का ट्वीट किया था। इस पर राजनैतिक गलियारों में बहस चली थी। आखिर कुछ घंटे बाद साफ हो गया कि कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत नहीं हुई है। कुलदीप सेंगर की बेटी व समर्थकों ने रिट्वीट कर अलका लांबा की जानकारी पर सवाल भी खड़े किए। रविवार की शाम कुलदीप सिंह सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर परिजनों के साथ उन्नाव के एसपी कैम्प कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने दिल्ली की कांग्रेस नेत्री अल्का लांबा व धारना पटेल के ट्वीट को फर्जी बताते हुए परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के साथ ही भ्रामक जानकारी की शिकायत की। सेंगर की बेटी ने कहा कि अल्का लांबा ने ट्वीट किया था, जिसमें लिखा कि उनके पिता की जमानत हो गई है। साथ ही आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने, ''मैं बताना चाहूंगी की जमानत मेरे पिता की नहीं किसी और की हुई है। अभी हमने जमानत याचिका दाखिल ही नहीं की है। अलका लांबा जो फेक न्यूज फैला रही हैं, उससे जो कमेंट्स आ रहे हैं, उससे हमारा परिवार मानसिक रूप से काफी परेशान है।'' इस मामले में एसपी के आदेश पर आईटी एक्ट के तहत सदर कोतवाली उन्नाव में अलका लांबा के ट्विटर अकाउंट को आधार बनाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी विक्रन्त्वीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर अलका लांबा व धरना पटेल के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications