उज्जैन : कांग्रेस एमएलए की रिहाई का सियासी ड्रामा खत्म, जेल में आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाकर तुड़वाया अनशन
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में दो दिन से कांग्रेस विधायकों की रिहाई को लेकर चल रहा सियासी ड्रामा शुक्रवार को खत्म हो गया। कमलनाथ सरकार के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी की मध्यस्थता के बाद उज्जैन प्रशासन ने विधायकों की मांग मानते हुए उन्हें बिना किसी प्रकरण के जमानत पर रिहा कर दिया।

बता दें कि बुधवार को दोनों विधायक प्रदेश के किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर उज्जैन महाकाल मंदिर से भोपाल तक पैदल यात्रा निकाल रहे थे। इसके बाद उज्जैन पुलिस प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर भैरवगढ़ स्थित केंद्रीय जेल भेज दिया था। उज्जैन की तराना विधानसभा सीट से विधायक महेश परमार और आलोट विधायक मनोज चावला को भैरवगढ़ जेल में बंद करने के बाद उज्जैन से लेकर भोपाल तक प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी।

विधायकों को गिरफ्तार करने के बाद उज्जैन एसडीएम राकेश मोहन त्रिपाठी जेल पहुंचे और विधायकों को मुचलके पर रिहा करने की बात कही। लेकिन दोनों विधायक बिना किसी मुकदमे के और बिना शर्त रिहाई पर अड़ गए।इसके बाद बैठकों के कोई दौर चले, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। 2 दिन बीत जाने के बाद शुक्रवार को पूर्व मंत्री जीतू पटवारी उज्जैन के बैरागढ़ स्थित केंद्रीय जेल पहुंचे और विधायकों की रिहाई के संबंध में प्रशासन से चर्चा की।
लगभग 1 घंटे चली इस बैठक के बाद प्रशासन ने तीन लोगों की जमानत पर बिना किसी मुचलके के दोनों विधायकों को रिहा कर दिया। इधर, अपनी रिहाई को लेकर दोनों विधायकों ने जेल में ही अनशन शुरू कर दिया था। रिहाई के बाद पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने दोनों विधायकों को आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाकर उनका अनशन खत्म कराया।
कमलनाथ सरकार के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बताया कि दोनों विधायक शिवराज सरकार की लापरवाही से नाराज होकर प्रदेश के मजदूरों और किसानों की समस्याओं को लेकर उज्जैन से भोपाल तक पैदल यात्रा कर शिवराज सरकार को उज्जैन आकर यहां फैली अव्यवस्थाओं के बारे में पीले चावल लेकर न्योता देने जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications