Ujjain news: महाकाल मंदिर में जल्द पूरे होंगे निर्माण कार्य, टनल और फेसिलिटी सेंटर की मिलेगी सुविधा
उज्जैन में संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल ने महाकाल मन्दिर एवं महाकाल मन्दिर के आसपास किये जाने वाले विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण तथा जीर्णोद्धार के कार्यों की समीक्षा की। डॉ.गोयल ने महाकाल तपोवन, मन्दिर में दर्शन के दौरान भीड़ प्रबंधन, टनल के कार्य, भक्त निवास, फेसिलिटी सेन्टर, हरसिद्धि चौराहे से महाराजवाड़ा का सौंदर्यीकरण, पार्किंग, लड्डू निर्माण इकाई, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, छाया आदि के लिये किये जा रहे कार्यों की अद्यतन जानकारी ली।
डॉ. गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्य टेण्डर के अनुरूप एवं समय पर पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि, जो एजेन्सी समय पर कार्य पूरे करके नहीं दे रही है, उन एजेन्सियों को चेतावनी देकर समय-सीमा में कार्य कराये जायें।

उन्होंने कहा कि, एजेन्सी से कॉन्ट्रेक्ट डाक्यूमेंट कराते समय कई चीजों पर ध्यान नहीं दिया जाता है, इसलिये कॉन्ट्रेक्ट डाक्यूमेंट पर भी दो दिन की वर्कशॉप आयोजित की जाये। बताया गया कि, मन्दिर में दर्शन के दौरान पीक समय में भीड़ नियंत्रण हेतु एक न्यू वेटिंग हॉल का निर्माण प्रगतिरत है। इसका 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। महाकाल मन्दिर के परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उक्त भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें एकसाथ चार हजार लोगों के रूकने की व्यवस्था रहेगी।
डॉ.गोयल ने यूडीए सीईओ को निर्देश दिये कि तय समय-सीमा बित जाने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ है तो यह सुनिश्चित करें कि अब ज्यादा समय न लगे। उन्होंने महाकाल मन्दिर के पास बनने वाले टनल के कार्य की भी समीक्षा की। बताया गया कि, 4.36 करोड़ से निर्मित टनल का 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और पांच दिन में टनल निर्माण का कार्य सम्पन्न हो जायेगा। संभागायुक्त ने निर्देश दिये कि टनल में फायर सेफ्टी सिस्टम का विशेष ध्यान रखा जाये। मार्बल फ्लोरिंग, चांदी की फ्लोरिंग होने से जमीन गर्म हो जायेगी, इसलिये एयर कूलिंग की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि, यदि कोई शासकीय संस्था फायर सेफ्टी का कार्य अच्छे से कर रही है तो उसकी सेवाएं ली जायें।
संभागायुक्त ने फेसिलिटी सेन्टर के सम्बन्ध में भी जानकारी ली। बताया गया कि, सेन्टर बनने के बाद उसका नामकरण किया जायेगा। बैठक में डॉ.गोयल ने हरसिद्धि चौराहे से महाराजवाड़ा मार्ग के सौंदर्यीकरण के कार्यों का भी जायजा लिया। बैठक में बताया गया कि मन्दिर परिसर के बाहर दो टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण का कार्य 35 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निर्माणाधीन भक्त निवास में यूडीए डेवलपमेंट का कार्य कर रही है।
संभागायुक्त ने कहा कि, हमें श्रद्धालुओं की मौलिक आवश्यकताओं जैसे- पेयजल, टॉयलेट, छाया, बैठने की व्यवस्था को प्राथमिकता से देखना है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन एवं दिव्यांगजनों के लिये भी और क्या बेहतर हो सकता है, इसकी प्लानिंग की जाये। बताया गया कि, जल्द ही लड्डू निर्माण इकाई को महाकाल मन्दिर के अन्नक्षेत्र के सामने शिफ्ट किया जायेगा। संभागायुक्त ने कहा कि पीक एवं वीक समय में पार्किंग कैसे की जाये, इसकी प्लानिंग सभी सम्बन्धित अधिकारी अभी से तय कर लें।
ये भी पढ़े- Ujjain में CM मोहन यादव ने स्कूली बच्चों के साथ किया भोजन, बोले- सपनों को पूरा करें












Click it and Unblock the Notifications