MP: जल संसाधन विभाग में पदस्थ टाइम कीपर के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई
टीकमगढ़, 01 अक्टूबर: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई जबलपुर एवं सागर की टीमों द्वार आज (01 अक्टूबर) को तीन अलग-अलग मामलों में कुल 5 स्थानों एक साथ सर्च कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सागर ईओडब्ल्यू की टीम ने निवाड़ी जिले के जल संसाधन विभाग में पदस्थ टाइम कीपर के निवास पर दबिश दी।

जानकारी के मुताबिक, जल संसाधन विभाग निवाड़ी में पदस्थ टाइम कीपर कैलाश चंद्र मिश्रा के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इकाई सागर से जांच कराई गई। जांच में आए साक्ष्यों के आधार पर पाया गया कि कैलाश चंद्र मिश्रा जल संसाधन विभाग में टाइम कीपर के पद पर पदस्थ है, जिनके द्वारा वैधानिक स्त्रोतों से प्राप्त आय से लगभग 110 प्रतिशत अधिक व्यय एवं संपत्ति अर्जित की गई है।
प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य पाए जाने से आरोपित कैलाश चंद्र मिश्रा और इनके पुत्र नरेंद्र मिश्रा निवासी ग्राम दिग्वार खुर्द थाना सिमरा खास के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करते हुए सर्च किया जा रहा है। बता दें कि इस प्रकरण की विवेचना निरीक्षक उमा नवल आर्य द्वारा की जा रही है। प्रकरण की विवेचना में आरोपी द्वारा अर्जित संपत्ति एवं निवेश आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त करने हेतु न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर आज आरोपी के निवास स्थानों ग्राम दिगवार खुर्द, थाना सिमरा, तहसील पृथ्वीपुर, जिला निवाड़ी एवं जेरोन रोड, पॉवर हाउस के आगे, मेन रोड पृथ्वीपुर, निवाड़ी में सर्च कार्यवाही की जा रही है।
सर्च कार्यवाही में अभी तक आरोपी के यहां से नेहरू वार्ड पृथ्वीपुर सिमरा जेरोन मुख्य मार्ग पर मकान, कृषि भूमि 1.16 एकड़, कृषि भूमि 1 एकड़, कृषि भूमि 2.3 एकड़, एक जेसीबी, दो एक्सयूवी और तीन मोटर साइकिल की जानकारी मिली है। फिलहाल जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications